पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बाद ऑटोमोबाइल मेकर्स ने नए तरीके के फ्यूल वाली गाड़ियों पर काम कर रहे हैं. हम बात कर रहे हैं फ्लेक्स फ्यूल की, जिस पर बेस्ड कई गाड़ियां आने वाले दिनों में हमें देखने को मिल सकती हैं. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल कार पर काम कर रही है.
रिपोर्ट्स की मानें, तो टाटा मोटर्स की ये कार इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में लॉन्च हो सकती है. यानी टाटा की फ्लेक्स फ्यूल कार के लिए आपको लंबा इंतजार नहीं करना होगा. सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के बाद कंपनियों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है.
सरकार ने हाल में ही एक नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसमें E85 और E100 फ्यूल की चर्चा की गई है. इसके बाद से ही भारतीय सड़कों पर कई E85 फ्यूल वाले टेस्ट व्हीकल नजर आए हैं. खैर बात करें, टाटा की कार की, तो इसके बारे में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शैलेश चंद्र ने जानकारी दी है.
उन्होंने बताया कि हाल में आए सरकार के नोटिफिकेशन का उद्देश्य फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए एक कैटेगरी की परिभाषा तैयार करना है जो इथेनॉल ब्लेंडिंग के विभिन्न स्तरों पर चल सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 6 एयरबैग, 27Km का माइलेज, Tata Altroz iCNG ऑटोमेटिक लॉन्च
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड ने वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही का रिजल्ट जारी किया है. इस मौके पर शैलेश चंद्र ने बताया, 'जहां तक हमारी बात है, हम टेक्नोलॉजी को लेकर पूरी तरह सहज और आश्वस्त हैं. इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में हम अपने फ्लेक्स-फ्यूल प्रोडक्ट के साथ तैयार हो जाएंगे, कम से कम एक प्रोडक्ट जरूर लॉन्च करने की स्थिति में होंगे.'
उन्होंने बताया कि टाटा मोटर्स के व्हीकल 2023 से ही E20 पर काम करते हैं. ज्यादा इथेनॉल की ब्लेंडिंग को लेकर सरकार सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चर्र्स (SIAM) से बातचीत कर रही है. कंपनी ने साल 2025 में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में फ्लेक्स फ्यूल टेक्नोलॉजी को दिखाया था.
यह भी पढ़ें: Tata Sierra की बंपर डिमांड, 30 हजार ने खरीदी दमदार SUV
टाटा मोटर्स ने ऑटो एक्सपो 2025 में पंच के फ्लेक्स फ्यूल अवतार को दिखाया था. इसमें 1.2 लीटर का थ्री सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया गया था, जो रेगुलर पंच में मिलता है. पंच पहले से ही मल्टीपल फ्यूल ऑप्शन में आती है. ये कार सीएनजी, पेट्रोल और इलेक्ट्रिक अवतार में बिक रही है.