scorecardresearch
 

अमेरिका में भारतीय इंजीनियर पर पत्नी की हत्या का आरोप, प्रेमिका को भेजी थी शव की तस्वीर

अमेरिका के वॉशिंगटन में भारतीय मूल के एक इंजीनियर पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और मामले को छिपाने की कोशिश की.

Advertisement
X
डिजिटल सबूतों से खुला राज (Photo: X/M9USA_)
डिजिटल सबूतों से खुला राज (Photo: X/M9USA_)

अमेरिका के वॉशिंगटन में रहने वाले 30 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नार्ने पर अपनी पत्नी राजिता सब्बिनेनी की हत्या का आरोप लगा है. करीब नौ महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली 27 वर्षीय राजिता की मौत की जांच के बाद पुलिस ने अब अविनाश को गिरफ्तार कर प्रथम श्रेणी (फर्स्ट-डिग्री) हत्या का आरोपी बनाया है.

पुलिस के अनुसार, अक्टूबर 2025 में अविनाश ने दावा किया था कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद थी और दरवाजा नहीं खोल रही थी. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर राजिता को मृत पाया. शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लगा, लेकिन पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि उनकी मौत गला घोंटने (स्ट्रैंगुलेशन) से हुई थी और इसे हत्या घोषित किया गया.

जांच में अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सुरक्षा प्रणाली के डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले गए. पुलिस के मुताबिक, अविनाश कुछ देर के लिए घर से बाहर गया था, लेकिन उस दौरान कोई अन्य व्यक्ति घर में दाखिल नहीं हुआ. इससे किसी बाहरी हमलावर की आशंका खारिज हो गई.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अविनाश का शादी से पहले भारत में एक महिला के साथ प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा. अभियोजन पक्ष का दावा है कि हत्या वाले दिन उसने उस महिला से कई बार फोन पर बात की और अगले दिन पत्नी के शव की तस्वीर भी उसे भेजी. पूछताछ में उसने तस्वीर भेजने की बात स्वीकार की.

Advertisement

चार्जिंग दस्तावेजों के अनुसार, राजिता ने मौत से पहले कई बार शिकायत की थी कि पति द्वारा तैयार किए गए पेय पदार्थों का स्वाद असामान्य रूप से कड़वा था. मौत वाले दिन भी उन्होंने स्मूदी का स्वाद "दवा" और "कफ सिरप" जैसा बताया था. पुलिस का कहना है कि अविनाश ने मौके पर पहुंची टीम को भी बताया था कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी और संभव है कि कफ सिरप पीने के बाद वह गिर गई हो.

करीब आठ महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने अविनाश को गिरफ्तार कर लिया. स्थानीय अदालत ने 1 जुलाई को उस पर प्रथम श्रेणी हत्या का मामला दर्ज किया. आरोपी फिलहाल 50 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 48 करोड़ रुपये) की जमानत पर न्यायिक हिरासत में है. दोषी साबित होने पर उसे वॉशिंगटन राज्य के कानून के तहत आजीवन कारावास की सजा हो सकती है.

बता दें कि प्रथम श्रेणी हत्या (First-Degree Murder) हत्या का सबसे गंभीर अपराध माना जाता है. इसमें आरोप होता है कि किसी व्यक्ति की हत्या जानबूझकर, पहले से योजना बनाकर और सोच-समझकर की गई. यानी आरोपी के पास हत्या करने का इरादा और उसे अंजाम देने से पहले फैसला लेने का समय था. अमेरिका में इसके लिए सजा राज्य के कानून के अनुसार तय होती है, लेकिन कई राज्यों में दोषी पाए जाने पर उम्रकैद जैसी कड़ी सजा का प्रावधान है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement