कनाडा के टोरंटो शहर में चल रहे प्रसिद्ध स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान शनिवार शाम अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी. मिडटाउन टोरंटो में आयोजित हो रहे सालाना लैटिन सांस्कृतिक उत्सव 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' फेस्टिवल के दौरान हुई इस मास शूटिंग में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
टोरंटो पुलिस सर्विस के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 8 बजे के ठीक बाद सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंगटन एवेन्यू के पास हुई. जैसे ही गोलीबारी शुरू हुई, मौके पर भगदड़ मच गई. सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं. पुलिस को घटनास्थल पर पांच लोग गोलीबारी का शिकार मिले, जिनमें से दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं तीन घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
इलाके में 'एक्टिव शूटर' का अलर्ट
शुरुआती जांच के बाद टोरंटो पुलिस ने स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए इसे 'एक्टिव शूटर' की घटना करार दिया है. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावर की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कपिल शर्मा कैफे फायरिंग का बिश्नोई कनेक्शन, कनाडा से डिपोर्ट होगा हथियार छिपाने वाला गुर्गा!
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आम जनता के लिए सख्त चेतावनी जारी करते हुए इस पूरे क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है. जांच में जुटी पुलिस, हमले की वजह साफ नहीं फिलहाल पुलिस ने हमले की वजह या हमलावर के मकसद के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है और न ही अब तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है. पुलिस चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है और घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है.