पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के बीच अहम त्रिपक्षीय बातचीत शुरू हो गई है. यह बातचीत ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में हुए सीजफायर के बाद क्षेत्र में शांति कायम रखने की कोशिशें तेज हैं. राष्ट्रपति ट्रंप ने भी कहा, "बातचीत आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है."
सूत्रों के मुताबिक, इस वार्ता में युद्ध को पूरी तरह खत्म करने, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर सहमति बनाने और आगे के सुरक्षा ढांचे पर चर्चा की जा रही है. पाकिस्तान इस बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. इस राउंड टेबल मीटिंग में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जेयर्ड कुशनर; ईरान के बाकर ग़ालिबाफ़, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पाकिस्तान की तरफ से आसिम मुनीर शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: US-ईरान में आमने-सामने बैठकर होगी बात? इस्लामाबाद वार्ता पर आया बड़ा अपडेट
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने तेल आपूर्ति पर जोर देते हुए कहा, "दुनिया के बड़े समुद्रों में जहाजों को देखिए, उनमें से कई अमेरिका की ओर तेल लोड करने के लिए आ रहे हैं, हमारे पास इसकी कोई कमी नहीं है."
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर उन्होंने भरोसा जताया और कहा, "होर्मुज स्ट्रेट बहुत दूर नहीं, जल्द ही खुल जाएगा." हालांकि, ईरान पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने उसे "एक विफल देश" बताया. जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान ईमानदारी से बातचीत कर रहा है, तो उन्होंने कहा, "मैं आपको बहुत जल्द बता दूंगा, इसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा."
यह भी पढ़ें: Iran-America Islamabad Talks Live: इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत शुरू, शांति की कोशिशों को मिला नया मोड़
वहीं, बातचीत के नतीजे को लेकर ट्रंप ने साफ कहा, "मुझे नहीं पता कि आज की बातचीत कैसी रहेगी." उन्होंने कहा, "जो होगा देखा जाएगा, नहीं तो हम फिर से शुरुआत करेंगे. हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं." ट्रंप के इन बयानों से साफ है कि अमेरिका एक तरफ बातचीत कर रहा है, तो दूसरी तरफ दबाव की रणनीति भी बनाए रखे हुए है.