यूपी के वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट का खौफनाक CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में पहले सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन अगले ही पल धमाके के साथ आग, मलबे और धुएं का गुबार उठता है. धमाका इतना जबरदस्त था कि दो मंजिला मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया. आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा. हादसे में फैक्ट्री संचालक की पत्नी बुरी तरह झुलस गई, जबकि उसके 14 साल के बेटे को गंभीर चोट आई.
एक सेकंड में बदल गया पूरा मंजर
यह घटना 15 अक्टूबर, गुरुवार शाम करीब 4 बजकर 42 मिनट पर वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर इलाके में हुई. अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालक राजू खान के घर में हुए विस्फोट का पूरा घटनाक्रम पड़ोसी शिवपूजन प्रजापति के गार्डन में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.
यह भी पढ़ें: वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, दो मंजिला मकान जमींदोज
फुटेज में शाम 4 बजकर 42 मिनट और 48 सेकंड तक सब कुछ सामान्य नजर आता है. इसके बाद 49वें सेकंड में अचानक तेज धमाका होता है. देखते ही देखते आग की लपटें, मलबा और धुएं का गुबार उठने लगता है. धुआं छंटने के बाद चारों तरफ तबाही का मंजर दिखाई देता है. मकान के गाटर, पटिया, ईंटें और पत्थर बिखरे नजर आते हैं.
धमाके से ढह गया दो मंजिला मकान
विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि राजू खान का दो मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया. आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ गए. दीवारों में दरारें पड़ गईं और पड़ोसी शिवपूजन प्रजापति के मकान व गार्डन को भी भारी नुकसान पहुंचा.
हादसे में राजू खान की पत्नी चांदनी बेगम बुरी तरह झुलस गईं. उनके 14 वर्षीय बेटे आदिल के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बेटी को भी मामूली चोटें लगीं. घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
मां और बड़ा बेटा लापता, राजू खान गिरफ्तार
विस्फोट के बाद पुलिस, NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमों ने घंटों राहत एवं बचाव अभियान चलाया. मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने का पता नहीं चला. घटना वाली रात पुलिस ने राजू खान को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था. वहीं, उसकी मां मुन्नी और बड़ा बेटा घटना के बाद से लापता बताए जा रहे हैं.
अब सामने आए CCTV फुटेज में विस्फोट की भयावहता साफ दिखाई दे रही है. जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि अवैध पटाखा फैक्ट्री में इतना भीषण धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और आसपास के मकानों को हुए नुकसान की जिम्मेदारी किसकी है.