सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो बिना किसी बड़े संदेश या दिखावे के लोगों का दिल जीत लेते हैं. इन दिनों नोएडा का ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर खूब पसंद किया जा रहा है. इस वीडियो में एक रिक्शा चालक अपने साथ एक ऐसे साथी को लेकर काम पर जाता दिखाई देता है, जो न तो किराया देता है और न ही कोई शिकायत करता है. यह साथी है एक गली का कुत्ता, जो हर दिन रिक्शा चालक के साथ उसकी सवारी पर निकलता है.
यह वीडियो नोएडा के सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में देख सकते हैं कि एक साइकिल रिक्शा चालक अपने रिक्शे में एक यात्री को बैठाकर जा रहा है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि रिक्शे के आगे वाली जगह पर एक स्ट्रीट डॉग आराम से बैठा हुआ है. वह पूरे रास्ते शांत होकर सामने की ओर देखता रहता है, मानो यह उसकी रोज की ड्यूटी हो. इस प्यारे से वीडियो को शिवांक चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे पसंद किया. कमेंट सेक्शन में भी लोगों ने इस अनोखी दोस्ती की जमकर तारीफ की.
रिक्शे के आगे बैठा स्ट्रीट डॉग बना हर दिन का साथी
वीडियो में रिक्शा चालक मुस्कुराते हुए अपनी सवारी पूरी करता दिखाई देता है, जबकि उसका चार साथी पूरे रास्ते उसके साथ रहता है. कुत्ता बिल्कुल भी घबराया हुआ नहीं लगता. ऐसा महसूस होता है कि वह लंबे समय से इसी तरह अपने मालिक जैसे दोस्त के साथ रोज काम पर जाता रहा है. दोनों के बीच की समझ और अपनापन लोगों का दिल जीत रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यह सिर्फ एक कुत्ता नहीं, बल्कि रिक्शा चालक का सच्चा साथी है. कई लोगों ने लिखा कि इंसानों से ज्यादा वफादारी जानवर निभाते हैं और यह वीडियो उसी का एक खूबसूरत उदाहरण है.
दिलचस्प बात यह भी रही कि कई लोगों ने कमेंट कर बताया कि उन्होंने इस रिक्शा चालक और उसके कुत्ते को पहले भी सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के आसपास देखा है. यानी यह कोई एक दिन की बात नहीं, बल्कि दोनों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. एक यूजर ने लोगों से अपील करते हुए लिखा कि अगर कभी नोएडा सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास जाएं, तो ऐप से ऑटो या बाइक बुक करने के बजाय इस रिक्शा चालक की सवारी जरूर करें. इससे उसकी कमाई बढ़ेगी और वह अपने वफादार साथी की भी बेहतर देखभाल कर सकेगा. इस कमेंट को भी लोगों ने काफी पसंद किया.
वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर बटोरी खूब तारीफ
कुछ यूजर्स ने मजेदार अंदाज में लिखा कि यह कुत्ता रिक्शे का परमानेंट को-ड्राइवर है. वहीं किसी ने उसे अनऑफिशियल टिकट चेकर बताया. इन मजेदार प्रतिक्रियाओं ने वीडियो को और भी दिलचस्प बना दिया. हालांकि इस वीडियो की सबसे खास बात लोगों के लिए यह रही कि इसमें किसी तरह का दिखावा नहीं है. न कोई बड़ा सेटअप, न कोई स्क्रिप्ट और न ही कोई खास तैयारी. यह बस एक आम इंसान और एक गली के कुत्ते की रोज की जिंदगी की छोटी-सी झलक है, जिसने लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी.
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे वीडियो कम ही देखने को मिलते हैं, जो इंसानों और जानवरों के बीच बने भरोसे और अपनापन को इतनी खूबसूरती से दिखाते हों. यह वीडियो याद दिलाता है कि प्यार और साथ निभाने के लिए शब्दों की जरूरत नहीं होती. कई बार एक खामोश रिश्ता भी बहुत कुछ कह जाता है. इंटरनेट पर अक्सर नकारात्मक खबरें और विवाद छाए रहते हैं, लेकिन ऐसे दिल छू लेने वाले वीडियो लोगों को कुछ पल के लिए सुकून भी देते हैं. यही वजह है कि नोएडा के इस रिक्शा चालक और उसके वफादार साथी की कहानी लोगों के दिलों तक पहुंच गई. कई लोगों के लिए यह सिर्फ एक रिक्शा और उसमें बैठा कुत्ता नहीं, बल्कि दोस्ती, भरोसे और साथ निभाने की मिसाल है. शायद यही कारण है कि यह छोटा-सा वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का पसंदीदा बन गया और लोगों को यह एहसास करा गया कि इंसान और जानवर के बीच का रिश्ता कितना खूबसूरत हो सकता है.