कहते हैं इंसान मौत के बाद खाली हाथ जाता है.दौलत, शोहरत, मकान और प्रॉपर्टी सब यहीं रह जाते हैं. इस फिलॉसफी पर बहुत कुछ लिखा जा चुका है. लेकिन अगर हम कहें कि कुछ लोग इससे अलग सोच रखते हैं.वे मानते हैं कि किसी की मृत्यु के बाद उसकी पसंदीदा चीज भी उसके साथ दफनाई जाए, ताकि अगली दुनिया में उसे सुविधा मिल सके.
चीन में एक ऐसी ही अंतिम यात्रा चर्चा में है. इस अंतिम यात्रा ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है. साउथ मॉर्निंग चाइना पोस्ट के रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला चीन के लियाओनिंग प्रांत का है, जहां जिन परिवार ने अपने एक परिजन के अंतिम यात्रा में लग्जरी कार को भी कब्र में दफना दिया. इस घटना का वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार ने एक महंगी Mercedes-Benz S450L कार को कब्र में रखने का फैसला किया. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक खुदाई मशीन (एक्सकेवेटर) के जरिए कार को गड्ढे में उतारा जा रहा है और फिर उसे मिट्टी से ढक दिया जाता है.
बताया जा रहा है कि इस कार की कीमत करीब 15 लाख युआन (लगभग 1.49 करोड़ रुपये) थी. इतना ही नहीं, कार का नंबर प्लेट ‘8888’ था, जिसे चीन में बेहद शुभ माना जाता है. इस वजह से इस पूरे मामले को सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक नजरिए से भी देखा जा रहा है.
क्यों उठाया ये कदम
परिवार का कहना है कि यह कदम पारंपरिक मान्यताओं के तहत उठाया गया, जहां मृत व्यक्ति के साथ कुछ वस्तुएं दफनाई जाती हैं ताकि वे परलोक में उनके काम आ सकें. हालांकि, इस मामले में जिस स्तर पर यह किया गया, उसने लोगों को चौंका दिया.
देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे फिजूलखर्ची और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक बताया. लोगों का कहना है कि इतनी महंगी कार को जमीन में दफनाना संसाधनों की बर्बादी है. वहीं, कुछ लोगों ने परिवार का समर्थन भी किया और इसे व्यक्तिगत आस्था और सम्मान का तरीका बताया.
चीन ने उठाया ये कदम
मामला बढ़ता देख स्थानीय प्रशासन ने हस्तक्षेप किया. अधिकारियों ने इस कृत्य को ‘फ्यूडल सुपरस्टिशन’ यानी सामंती अंधविश्वास करार दिया और ऐसे कामों के खिलाफ चेतावनी दी. सिविल अफेयर्स विभाग ने पुष्टि की है कि परिवार को फटकार लगाई गई है और इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
बाद में जिन परिवार ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी. अब उन्हें आर्थिक जुर्माना भी भरना पड़ सकता है. इसके अलावा, कार को कब्र से निकालने, जगह को साफ करने और पर्यावरण को बहाल करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर डाली जा सकती है.