सोशल मीडिया की दुनिया में कब कौन-सी चीज ट्रेंड बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. इन दिनों इंटरनेट पर 'भंडारा करा दो बाबूजी' वाला ट्रेंड जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. हरिद्वार की हर की पौड़ी से शुरू हुआ यह ट्रेंड अब इंस्टा रील और मीम पेजों पर छाया हुआ है. लोग अलग-अलग अंदाज में 'भंडारा' मांगते हुए वीडियो बना रहे हैं और इंटरनेट यूजर्स इसे खूब पसंद कर रहे हैं.
दरअसल, एक वायरल वीडियो में एक शख्स हर की पौड़ी पर लोगों से बाबाओं के लिए भंडारा करवाने की अपील करता नजर आता है. वीडियो में वह कहता है कि 100 में 5 बाबा खाएंगे मालिक, 200 में 11 बाबा खाएंगे. वीडियो का यही अंदाज लोगों को इतना पसंद आया कि देखते ही देखते यह सोशल मीडिया का नया ट्रेंड बन गया.
वीडियो वायरल होने के बाद कई कंटेंट क्रिएटर्स ने इसके मजेदार वर्जन बनाने शुरू कर दिए. किसी ने मैगी का भंडारा करवाया, तो किसी ने ग्रेजुएशन का भंडारा मांग लिया. एक वीडियो में पहाड़ों पर घूमने गए लोग 200 में पांच गरीब मैगी खाएंगे बाबूजी कहते नजर आए. वहीं कुछ यूजर्स ने पेट्रोल, प्रोटीन, इंटर्नशिप और यहां तक कि पेंशन का भी भंडारा मांगते हुए वीडियो बना डाले.
देखें वीडियो
कॉमेडी पेजों ने भी इस ट्रेंड को हाथोंहाथ लिया. कई मीम्स और रील्स में लोग “लाइक, कमेंट और शेयर का भंडारा करा दो बाबूजी” कहते नजर आए. सोशल मीडिया पर यह डायलॉग अब कैचफ्रेज की तरह इस्तेमाल होने लगा है.
इसी बीच एक शो में इस वायरल ट्रेंड पर चर्चा करते हुए होस्ट्स ने गर्मी, वायरल वीडियो, बंदरों के कारनामों और इंटरनेट पर चल रहे अलग-अलग ट्रेंड्स को लेकर मजेदार बातचीत की. शो में यह भी दिखाया गया कि कैसे लोग अब हर छोटी-बड़ी चीज को 'लफड़ा' और 'भंडारा' जैसे ट्रेंड्स से जोड़कर कंटेंट बना रहे हैं.
वहीं कुछ लोग इसे एक बेहतरीन बिजनेस आइडिया के तौर पर भी देख रहे हैं. उनका कहना है कि भंडारा करवाने के लिए लोगों की जरूरत होती है और उसे अरेंज करना आसान नहीं होता. ऐसे में अगर कोई इंसान यह काम करवा रहा है, तो इसमें गलत क्या है?
इंटरनेट यूजर्स को यह ट्रेंड इसलिए भी पसंद आ रहा है क्योंकि इसमें रोजमर्रा की चीजों को मजाकिया अंदाज में पेश किया जा रहा है. यही वजह है कि 'भंडारा करा दो बाबूजी' अब सिर्फ एक डायलॉग नहीं, बल्कि सोशल मीडिया का नया वायरल कल्चर बन चुका है.