अगर आप फोन में mAadhaar ऐप यूज करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. UIDAI ने साफ कर दिया है कि mAadhaar ऐप को जल्द बंद किया जाएगा. इसकी जगह अब नया Aadhaar ऐप है, जिसमें पहले से ज्यादा सिक्योरिटी, प्राइवेसी और नए फीचर्स मिलने लगे हैं.
पिछले कुछ सालों में mAadhaar ऐप करोड़ों लोग इस्तेमाल कर रहे थे. इसी ऐप के जरिए लोग फोन में आधार कार्ड रखते थे, QR कोड दिखाते थे, eKYC करते थे और कई दूसरी सेवाएं इस्तेमाल करते थे. लेकिन अब UIDAI इसे पुराने सिस्टम की जगह नए प्लेटफॉर्म से बदल रहा है.
गौरतलब है कि लगातार आधार के अलग अलग ऐप बदलने से यूजर्स में कन्फ्यूजन भ होती है और ऐसे साइबर फ्रॉड्स को भी फायदा मिलता है. अलग अलग ऐप के नाम पर स्कैमर्स लोगों के मोबाइल में थर्ड पार्टी ऐप का लिंक भेज कर फिशिंग करते हैं.
नया आधार ऐप, क्या हैं फीचर्स
नए Aadhaar App को लेकर UIDAI का कहना है कि इसमें यूजर्स को ज्यादा सिक्योर और आसान एक्सपीरिएंस मिलेगा. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब लोगों को हर जगह आधार की फोटोकॉपी देने की जरूरत कम पड़ेगी. इस ऐप के जरिए ई-KYC भी किया सकेगा.
नया ऐप QR कोड और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए पहचान शेयर करने का भी ऑप्शन देता है. यानी आप चाहें तो सिर्फ जरूरी जानकारी ही सामने वाले के साथ शेयर कर पाएंगे.
आजकल आधार से जुड़े फ्रॉड और डेटा लीक की खबरें बढ़ रही हैं. ऐसे में UIDAI अब प्राइवेसी पर ज्यादा फोकस कर रहा है. नए ऐप में बायोमेट्रिक लॉक, फेस वेरिफिकेशन और ऑफलाइन पहचान जांच जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. इससे यूजर्स अपने आधार डेटा पर ज्यादा कंट्रोल रख पाएंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक UIDAI ने लोगों को सलाह दी है कि वे धीरे-धीरे नए Aadhaar ऐप पर शिफ्ट होना शुरू कर दें. यह ऐप एंड्रॉयड और आईफोन दोनों पर उपलब्ध है. यूजर इसे Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड कर सकते हैं.
नए ऐप में लॉगिन करने के लिए फिर से रजिस्ट्रेशन करना पड़ सकता है. पुराने ऐप से डेटा ट्रांसफर जैसा कुछ नहीं है. आपको अपने फोन नंबर और जरूरत पड़ने पर आधार नंबर डाल कर ऑथेन्टिकेट करना पड़ सकता है.
UIDAI ने अभी mAadhaar ऐप बंद होने की आखिरी तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन साफ है कि आने वाले समय में पुराना ऐप पूरी तरह हटाया जा सकता है. ऐसे में अगर आप अभी भी mAadhaar इस्तेमाल कर रहे हैं, तो नए Aadhaar ऐप के बारे में जानकारी लेना जरूरी हो गया है.
नया Aadhaar App सिर्फ एक अपडेट नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भारत की डिजिटल पहचान व्यवस्था का अगला बड़ा कदम बताया जा रहा है. आने वाले समय में होटल चेक-इन, एयरपोर्ट एंट्री, सिम वेरिफिकेशन और दूसरी जगहों पर भी QR और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए आधार इस्तेमाल करना आसान हो सकता है.