आइवरी कोस्ट की फुटबॉल टीम को फीफा वर्ल्ड कप के बीच बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार स्ट्राइकर एलिए वाही (Elye Wahi) को कनाडा में जर्मनी के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले के लिए ट्रैवल करने की मंजूरी नहीं मिली है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब फ्रांस में उनके खिलाफ संदिग्ध मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी गतिविधियों को लेकर जांच चल रही है.
आइवरी कोस्ट फुटबॉल महासंघ (FIF) ने गुरुवार को पुष्टि की कि वाही टीम के साथ कनाडा नहीं जा पाएंगे. महासंघ के अनुसार खिलाड़ी के कनाडा में प्रवेश के लिए जरूरी प्रशासनिक मंजूरी फिलहाल प्राप्त नहीं हो सकी है. इसी कारण वह शनिवार को टोरंटो में जर्मनी के खिलाफ होने वाले मुकाबले का हिस्सा नहीं बनेंगे.
23 वर्षीय वाही ने सोमवार को फिलाडेल्फिया में इक्वाडोर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आइवरी कोस्ट के लिए शुरुआती प्लेइंग 11 में जगह बनाई थी. उस मैच में आइवरी कोस्ट ने 1-0 से जीत दर्ज की थी. अब वह टीम की वापसी तक अमेरिका में ही रहेंगे.
मामला तब चर्चा में आया जब फ्रेंच फुटबॉल लीग ने खुलासा किया कि मई में खेले गए लीग-1 मुकाबले के दौरान वाही को येलो कार्ड मिलने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असामान्य मात्रा में सट्टा लगाया गया था. यह मुकाबला 17 मई को नीस और मेट्ज के बीच खेला गया था, जो 0-0 से ड्रॉ रहा था. इसी मैच में वाही को येलो कार्ड दिखाया गया था.
यह भी पढ़ें: गोल, ग्लैमर और लिपलॉक... अंग्रेज खिलाड़ियों की पार्टनर्स ने वर्ल्ड कप में लगा दी AAG!
फ्रेंच लीग के अनुसार बेटिंग मार्केट की निगरानी करने वाले साझेदारों ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी थी. इसके बाद यह मामला पुलिस, जुआ नियामक एजेंसियों और फ्रेंच फुटबॉल फेडरेशन को सौंप दिया गया.
मार्सेई अभियोजन कार्यालय ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि जांच के तहत 29 मई 2026 को फ्रांस के शीर्ष लीग में खेलने वाले 23 वर्षीय पेशेवर फुटबॉलर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी. हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें बिना किसी औपचारिक गिरफ्तारी के रिहा कर दिया गया था.
अभियोजन कार्यालय के मुताबिक जांच संगठित धोखाधड़ी, संगठित खेल भ्रष्टाचार, चोरी की संपत्ति प्राप्त करने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे संभावित अपराधों से जुड़ी है. फिलहाल जांच जारी है और मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: फुटबॉल बाद में, पहले ये VIDEO देखिए! वर्ल्ड कप में दुनिया की नजरें आखिर कहां टिक गईं?
वाही के प्रतिनिधियों ने इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. वहीं आइवरी कोस्ट फुटबॉल महासंघ ने स्पष्ट किया कि उसे खिलाड़ी के खिलाफ किसी भी न्यायिक या प्रशासनिक कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है.
महासंघ ने बयान जारी कर कहा कि इस संवेदनशील समय में वह खिलाड़ी के साथ खड़ा है और उस पर पूरा भरोसा रखता है. महासंघ ने यह भी दोहराया कि एलिए वाही नेशनल टीम के महत्वपूर्ण सदस्य बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup: मैक्सिकन आग लग गई! हसीनाओं का ऐसा जलवा, स्टेडियम में मचा कोहराम... 21 सेकेंड का VIDEO वायरल
ध्यान रहे लीग-1 सीजन के अंतिम दौर के कुछ ही दिनों बाद वाही ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संघर्ष कर रही नीस टीम को शीर्ष डिवीजन में बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने सेंट-एटिएन के खिलाफ प्रमोशन-रेलीगेशन प्लेऑफ के दूसरे चरण में दो गोल दागे थे, जिसमें उनकी टीम ने 4-1 से जीत हासिल की थी.
जनवरी में जर्मन क्लब आइंट्राख्ट फ्रैंकफर्ट (Eintracht Frankfurt) से लोन पर नीस पहुंचे वाही ने कुल 18 मैचों में नौ गोल किए और टीम को फ्रेंच कप फाइनल तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया. हालांकि अब उनका भविष्य चल रही जांच के नतीजों पर भी निर्भर करेगा.