IPL 2026 Eliminator, RR vs SRH: आईपीएल 2026 अब उस मोड़ पर पहुंच चुका है जहां एक हार पूरे सीजन पर पानी फेर सकती है. बुधवार (27 मई) को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने हैं. दोनों टीमों के लिए यह सिर्फ एलिमिनेटर नहीं, बल्कि करो या मरो का मुकाबला है.
करीब 10 दिन पहले राजस्थान रॉयल्स की हालत बेहद खराब दिख रही थी. टीम लगातार तीन मैच हार चुकी थी और कप्तान रियान पराग ने खुद स्वीकार किया था कि अगर टीम ऐसा ही खेलती रही तो टॉप-4 में रहने की हकदार नहीं है. उस वक्त RR अंक तालिका में छठे स्थान पर थी और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था.
लेकिन राजस्थान ने सही समय पर वापसी की. टीम ने लगातार दो जीत दर्ज कर खुद को संभाला और प्लेऑफ में जगह बना ली. हालांकि आंकड़े अब भी उनके खिलाफ हैं. आईपीएल इतिहास में एलिमिनेटर खेलने के बाद सिर्फ एक टीम ट्रॉफी जीत पाई है और वह टीम थी सनराइजर्स हैदराबाद, जिसने 2016 में यह कारनामा किया था.
SRH इस बार भी उसी इतिहास को दोहराने का सपना देख रही है. टीम पूरे सीजन में बेहद खतरनाक दिखी है, हालांकि हार के मुकाबलों में उसे एकतरफा शिकस्त झेलनी पड़ी. गुजरात टाइटंस के खिलाफ 86 रन पर ऑलआउट होना SRH के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुआ. वही नेट रनरेट का अंतर उन्हें टॉप-2 से बाहर ले गया.
अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड देखें तो SRH का पलड़ा भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मैच हुए हैं, जिसमें हैदराबाद ने 14 और राजस्थान ने 9 मुकाबले जीते हैं. खास बात यह है कि SRH ने 2022 से RR के खिलाफ लगातार छह मैच जीते हैं.
मुल्लांपुर की पिच पर फिर रन बरसने की उम्मीद
मुल्लांपुर का मैदान इस सीजन बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुआ है. यहां खेले गए आठ मुकाबलों में छह बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना है. पहली पारी का औसत स्कोर 214 रहा है. इसी मैदान पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ के खिलाफ 250+ रन ठोक दिए थे.
SRH के असिस्टेंट कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने बताया कि एलिमिनेटर पिच नंबर-4 पर खेला जाएगा. इसी विकेट पर पंजाब ने SRH के 219 रन भी चेज कर लिए थे. हालांकि यहां पावरप्ले के बाद रन गति में गिरावट देखने को मिलती है. गर्मी भी बड़ा फैक्टर रहने वाली है. शाम 5 बजे के बाद भी तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है.
ट्रेविस हेड vs जोफ्रा आर्चर पर टिकी निगाहें
मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण ट्रेविस हेड और जोफ्रा आर्चर की भिड़ंत होगी. हेड ने आर्चर के खिलाफ T20 क्रिकेट में 160.6 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, लेकिन तीन बार आउट भी हुए हैं. आर्चर इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं और पावरप्ले में उनका स्ट्राइक रेट 14.8 का है.
दूसरी तरफ SRH की नजरें वैभव सूर्यवंशी को जल्दी रोकने पर होंगी. वैभव इस सीजन SRH के खिलाफ शतक जड़ चुके हैं. ऐसे में पैट कमिंस के सामने उन्हें रोकने की चुनौती होगी. कमिंस का रिकॉर्ड रियान पराग के खिलाफ भी शानदार है. उन्होंने पराग को 14 गेंदों में तीन बार आउट किया है.
क्या कहते हैं आंकड़े?
ईशान किशन ने IPL प्लेऑफ के 5 मैचों में 51.33 की औसत से रन बनाए हैं
RR और SRH दोनों की पावरप्ले रनरेट लगभग बराबर है
मुल्लांपुर में अब तक 8 में से 6 बार 200+ स्कोर बना है
राजस्थान के लिए चोट बनी चिंता
राजस्थान के लिए रियान पराग और रविंद्र जडेजा की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है. टीम मैनेजमेंट ने दोनों की चोट को हल्का बताया है, लेकिन अंतिम फैसला मैच से पहले होगा. अगर जडेजा फिट नहीं होते तो रवि बिश्नोई को मौका मिल सकता है. तेज गेंदबाजी विकल्प के तौर पर संदीप शर्मा भी मौजूद हैं.
वहीं SRH कैम्प से फिलहाल किसी खिलाड़ी की चोट की खबर नहीं है. टीम जरूरत पड़ने पर प्रफुल हिंगे की जगह हर्षल पटेल को प्लेइंग-11 में शामिल कर सकती है. हर्षल का रिकॉर्ड राजस्थान के खिलाफ शानदार रहा है. उन्होंने RR के खिलाफ 23 विकेट लिए हैं.
राजस्थान रॉयल्स संभावित प्लेइंग XII: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), दासुन शनाका, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर, शुभम दुबे, रवींद्र जडेजा/रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, यश राज पुनिया, बृजेश शर्मा
सनराइजर्स हैदराबाद संभावित प्लेइंग XII: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, हर्षल पटेल/प्रफुल हिंगे, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन