scorecardresearch
 

T20 वर्ल्ड कप का ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ कौन? 8 दावेदारों की लिस्ट... बुमराह का नाम ही नहीं, इस पाकिस्तानी की भी एंट्री

आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए आठ खिलाड़ियों के नाम घोषित किए हैं. हैरानी की बात यह रही कि भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस सूची में जगह नहीं मिली. वहीं इस ल‍िस्ट में एक पाकिस्तानी बैटर भी है.

Advertisement
X
T20 वर्ल्ड कप प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के नॉमिनीज का खुलासा हो गया है (Photo: PTI)
T20 वर्ल्ड कप प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के नॉमिनीज का खुलासा हो गया है (Photo: PTI)

T20 World Cup 2026 के फाइनल से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने शुक्रवार (6 मार्च) को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए आठ खिलाड़ियों की ल‍िस्ट जारी कर दी. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को होने वाले फाइनल से पहले जारी इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं, लेकिन भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इसमें जगह नहीं मिली.

आईसीसी की इस सूची में भारत से सिर्फ संजू सैमसन को शामिल किया गया है. उन्होंने टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. आइए नजर डाल लेते हैं, उन ख‍िलाड़ियों पर ... जो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन सकते हैं. 

विल जैक्स (इंग्लैंड): इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने इस टूर्नामेंट में बहुमुखी प्रदर्शन किया. उन्होंने बल्लेबाजी में 226 रन बनाए और गेंदबाजी में 9 विकेट लिए. खास बात यह रही कि नंबर छह या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी खिलाड़ी द्वारा टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में यह सबसे ज्यादा रन हैं.

जैक्स का स्ट्राइक रेट 176.56 रहा. इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक के नाम था, जिन्होंने पहले टी20 वर्ल्ड कप में 218 रन बनाए थे. जैक्स को चार बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया. सेमीफाइनल में उन्होंने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के अहम विकेट भी लिए.

यह भी पढ़ें: अक्षर पटेल-शिवम दुबे की गजब जुगलबंदी, कमाल का कैच… गौतम गंभीर का रिएक्शन हुआ वायरल, VIDEO

Advertisement

लुंगी एनगिडी (साउथ अफ्रीका): साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी टूर्नामेंट में अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने सात मैचों में 12 विकेट लिए. उनका एवरेज 15.58 और इकोनॉमी 7.19 रही. एनगिडी की धीमी गेंदों ने पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों को परेशान किया. भारत के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 15 रन दिए. उन्होंने अपनी गेंदबाजी में सुधार का श्रेय वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को दिया.

एडेन मार्करम (साउथ अफ्रीका): अफ्रीकी टीम के कप्तान एडेन मार्करम ने भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 86 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं.  मार्करम ने आठ पारियों में 286 रन बनाए. उनका एवरेज 47.66 और स्ट्राइक रेट 165.31 रहा. गेंदबाजी में उन्होंने भारत के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में ईशान किशन का विकेट लिया.

रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड): न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया. रच‍िन ने 8 मैच में 11 विकेट लिए हैं और 128 रन बनाए हैं. पाकिस्तान के खिलाफ सुपर आठ का पहला मैच बारिश में धुल जाने के बाद, बाएं हाथ के स्पिनर ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में न्यूजीलैंड को बढ़त दिलाई. उन्होंने 32 रन बनाए और 4/27 लेकर को-होस्ट टीम को 107/8 पर रोकने में मदद की. इंग्लैंड के खिलाफ अगले मैच में, उन्होंने 3/19 के साथ मैच खत्म किया, लेकिन टीम हार गई्. 
शैडली वैन शाल्कविक (अमेरिका): अमेरिका के 37 वर्षीय तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खोज बनकर सामने आए. भले ही अमेरिका ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया, लेकिन उन्होंने सिर्फ चार मैचों में 13 विकेट झटके. उनका एवरेज 7.76 और इकॉनमी 6.80 रही. उन्होंने भारत और पाकिस्तान दोनों के खिलाफ चार-चार विकेट लिए. वह फिलहाल जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी, इंग्लैंड के आदिल राशिद और भारत के वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में शामिल हैं.

Advertisement

टिम सिफर्ट (न्यूजीलैंड): न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सिफर्ट ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार रन बनाए. उन्होंने सात पारियों में 274 रन बनाए. उनका एवरेज 45.66 और स्ट्राइक रेट 161.17 रहा. उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए और सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी फिफ्टी लगाई. इस मैच में उन्होंने फिन एलन के साथ मिलकर रन चेज की मजबूत नींव रखी.

साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान): पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान इस टूर्नामेंट में अपनी टीम के लिए सबसे बड़े मैच-विनर साबित हुए. उन्होंने सात पारियों में 383 रन बनाए. उनका एवरेज 76.60 और स्ट्राइक रेट 160.25 रहा. फरहान ने इस दौरान दो शतक भी लगाए और टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो पहले भारत के विराट कोहली के नाम था.

संजू सैमसन (भारत):  भारत के संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में देर से एंट्री ली लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया. नामीबिया के खिलाफ उन्होंने छोटी लेकिन अहम पारी खेली. इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ भी उपयोगी योगदान दिया. वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में उन्होंने नाबाद 97 रन बनाए. 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में सैमसन ने 89 रन की पारी खेली और भारत को बड़ा स्कोर बनाने में मदद की. उन्होंने चार पारियों में 232 रन बनाए हैं. उनका एवरेज 77.33 और स्ट्राइक रेट 201.73 रहा.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement