scorecardresearch
 

इंग्लैंड से सीरीज हार के बाद गौतम गंभीर के चेहरे पर दिखी टेंशन, कप्तान श्रेयस अय्यर संग की लंबी बातचीत

टीम इंडिया की लगातार हार इसलिए भी ज्यादा चौंकाने वाली है क्योंकि महज चार महीने पहले इसी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था. वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट में नए दौर की शुरुआत की उम्मीद थी. लेकिन कप्तान बदलते ही टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता चला गया.

Advertisement
X
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाई. (Photo: BCCI)
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाई. (Photo: BCCI)

पहले आयरलैंड और अब इंग्लैंड के हाथों टी20I सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. गुरुवार (9 जुलाई) को ब्रिस्टल के मैदान पर मिली 9 विकेट की करारी हार के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर काफी निराश दिखे. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर भी अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खफा थे.

मुकाबला खत्म होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. दोनों बेहद गंभीर नजर आए. टीम इंडिया यूरोप दौरे पर पांच टी20I मुकाबले हार चुकी है और श्रेयस की कप्तानी में अब भी पहली जीत का इंतजार है. ऐसे में गंभीर और श्रेयस की लंबी बातचीत ने सभी का ध्यान खींचा. दोनों के बीच आखिर क्या बातचीत हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.  लेकिन दोनों के गंभीर चेहरे यह बताने के लिए काफी थे कि टीम इंडिया के खेमे में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है.

चार महीने पहले  भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था. लेकिन अब वही टीम जीत के लिए तरस रही है. इंग्लैंड दौरे से पहले भारत को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था. टीम इंडिया आयरलैंड दौर की हार के सदमे से बाहर भी नहीं निकल पाई थी कि इंग्लैंड ने उसे एक और बड़ा झटका दे दिया. महज 12 दिनों के भीतर भारत ने लगातार दूसरी टी20I सीरीज गंवा दी.

Advertisement

सूर्या को कप्तानी से हटाना पड़ा भारी?
टी20 वर्ल्ड कप के बाद सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई थी. लेकिन बतौर कप्तान श्रेयस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है. उनकी कप्तानी में भारत ने अब तक छह टी20I मुकाबले खेले हैं और उसे 5 में हार मिली है. पहले आयरलैंड ने लगातार दो मुकाबलों में भारत को हराया और अब इंग्लैंड के खिलाफ भी टीम लगातार तीन मैच गंवा चुकी है. यानी टी20 वर्ल्ड चैम्पियन टीम अपने नए कप्तान के नेतृत्व में अब भी पहली जीत की तलाश कर रही है.

चौथे टी20I में भारतीय बल्लेबाज एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया लगातार विकेट गंवाती रही. हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा. उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 80 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को 7 विकेट पर 158 रनों तक पहुंचाया. श्रेयस ने कप्तानी पारी जरूर खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला. नतीजा यह रहा कि भारत इंग्लैंड के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख सका.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप के हीरो को लगी किसकी नजर? क्रिकेट भूले ईशान, आंकड़े कर देंगे हैरान

159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भारतीय गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया. शुरुआती विकेट मिलने के बावजूद टीम इंडिया इसका फायदा नहीं उठा सकी. फिल साल्ट और कप्तान हैरी ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस कर दिया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 146 रनों की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया. साल्ट ने 42 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि ब्रूक ने सिर्फ 35 गेंदों पर नाबाद 79 रन की तूफानी पारी खेली. इंग्लैंड ने 37 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.
यह भी पढ़ें: 13 गेंद, 2 बार आउट... जोफ्रा आर्चर ने वैभव की सबसे बड़ी कमजोरी पकड़ ली

Advertisement

पहले आयरलैंड और अब इंग्लैंड के खिलाफ हार ने भारतीय टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. लगातार पांच हार के बाद गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर के सामने कई बड़े सवाल खड़े हैं. वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम अचानक जीतना कैसे भूल गई? बल्लेबाज लगातार एक जैसी गलतियां क्यों कर रहे हैं? गेंदबाज विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में नाकाम क्यों हो रहे हैं? सबसे बड़ा सवाल यह कि आखिर इस हार के सिलसिले को रोका कैसे जाएगा?

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला 11 जुलाई को खेला जाना है. सीरीज पहले ही गंवा चुकी टीम इंडिया के सामने अब सम्मान बचाने की चुनौती है. वहीं श्रेयस अय्यर भी बतौर कप्तान अपनी पहली जीत का इंतजार खत्म करना चाहेंगे. लेकिन इसके लिए भारतीय टीम को पुरानी गलतियों से सबक लेना होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement