इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-63 में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में है. मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने हैदराबाद को जीत के लिए 181 रनों का टारगेट दिया है.
मौजूदा सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 मैच खेलकर 7 में जीत हासिल की है और उसके 14 अंक हैं. दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की. चेन्नई सुपर किंग्स के 12 पॉइंट्स हैं. चेन्नई-हैदराबाद मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे दिए गए स्कोरकार्ड पर क्लिक करें...
चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए सात विकेट पर 180 रन बनाए. चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. पैट कमिंस ने संजू सैमसन को 27 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा. उर्विल पटेल कुछ खास नहीं कर सके और साकिब हुसैन ने उनका विकेट झटका. कार्तिक शर्मा में लय में दिख रहे थे, लेकिन वो अपनी इनिंग्स को ज्यादा बड़ी नहीं कर सके. कार्तिक ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे. कार्तिक को भी कमिंस ने चलता किया. कार्तिक के आउट होने के समय सीएसके का स्कोर 90/3 था.
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ बिल्कुल लय में नहीं दिखे और 21 गेंदों में 15 रन बनाए. ऋतुराज का विकेट भी पैट कमिंस ने चटकाया. इसके बाद शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस ने मिलकर 59 रनों की साझेदारी की. ब्रेविस ने चार छक्के और दो चौके की मदद से 27 बॉल पर 44 रनों का योगदान दिया. वहीं शिवम दुबे ने 23 बॉल पर 26 रनों की पारी खेली. प्रशांत वीर पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए. हैदराबाद के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए. जबकि साकिब हुसैन को दो सफलताएं हासिल हुईं.
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने 15 मैचों में जीत हासिल की है. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को आठ मैचों में जीत मिली. मौजूदा सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. इससे पहले 18 अप्रैल 2026 को दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से परास्त किया था.
चेन्नई vs हैदराबाद h2h
कुल आईपीएल मैच: 23
चेन्नई ने जीते: 15
हैदराबाद ने जीते: 8
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे.
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज और स्पेंसर जॉनसन.