क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार (7 मई) को पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे के लिए अपनी व्हाइट-बॉल सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया. लेकिन इस शेड्यूल ने IPL 2026 फ्रेंचाइजियों और ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. वजह है IPL 2026 प्लेऑफ और पाकिस्तान ODI सीरीज की सीधी टक्कर.
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी. पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जबकि IPL 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाना है. इसके बाद दूसरा और तीसरा ODI 2 और 4 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होंगे.
इससे पहले BCCI ने 6 मई को IPL 2026 प्लेऑफ का शेड्यूल जारी किया था. क्वालिफायर-1, 26 मई को खेला जाएगा, एलिमिनेटर 27 मई को होगा. इसके बाद 29 मई को क्वालिफायर-2 और 31 मई को फाइनल होगा. ऐसे में जिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी, वे पाकिस्तान सीरीज के शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रह सकते.
नियमों के मुताबिक IPL कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों को उनकी फ्रेंचाइजी की अनुमति के बिना बीच टूर्नामेंट नहीं बुलाया जा सकता. यही कारण है कि ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान दौरे के लिए अधूरी टीम के साथ उतरना पड़ सकता है.
Australia's winter white-ball schedule is complete with a three-match tour to Pakistan confirmed
— cricket.com.au (@cricketcomau) May 7, 2026
DETAILS: https://t.co/BqP2mwWDO2 pic.twitter.com/dQR5q1KoIT
लखनऊ सुपर जायंट्स के जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श के पाकिस्तान सीरीज में खेलने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है, क्योंकि टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है. LSG ने नौ मुकाबलों में सात हार झेली हैं और एक और हार उन्हें प्लेऑफ की रेस से बाहर कर सकती है.
IPL 2026 में इस समय खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की सूची भी काफी लंबी है. चेन्नई सुपर किंग्स में मैट शॉर्ट और स्पेंसर जॉनसन हैं. दिल्ली कैपिटल्स के लिए मिचेल स्टार्क खेल रहे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास जोश हेजलवुड और टिम डेविड हैं. पंजाब किंग्स में मार्कस स्टोइनिस, बेन ड्वारशुइस, मिचेल ओवेन, कूपर कोनोली और जेवियर बार्टलेट शामिल हैं. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कैमरन ग्रीन और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पैट कमिंस और ट्रेविस हेड खेल रहे हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक कमिंस, स्टार्क, हेजलवुड, ट्रेविस हेड को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों दौरों से आराम दिया जा सकता है. तेज गेंदबाजों पर लगातार क्रिकेट का दबाव देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बड़ा फैसला ले सकता है.ऑस्ट्रेलियाई टीम 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचेगी, लेकिन कई खिलाड़ी देर से जुड़ सकते हैं. कुछ खिलाड़ी पहले ODI से बाहर रह सकते हैं, जबकि कुछ को सीरीज से पूरी तरह आराम दिया जा सकता है.
पाकिस्तान दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया बांग्लादेश जाएगी, जहां 9 जून से 14 जून के बीच तीन ODI मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद 14 जून से 21 जून तक तीन T20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज होगी. हालांकि, T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती बाहर होने के बाद माना जा रहा है कि बांग्लादेश दौरे की T20 टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
आईपीएल क्वालिफायर 1: 26 मई – एचपीसीए स्टेडियम, धर्मशाला
आईपीएल एलिमिनेटर: 27 मई – न्यू चंडीगढ़
आईपीएल क्वालिफायर 2: 29 मई – न्यू चंडीगढ़
आईपीएल फाइनल: 31 मई – नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
ऑस्ट्रेलिया का पाकिस्तान दौरा - ODI सीरीज
बांग्लादेश दौरा - T20I सीरीज