Health benefits of eating ginger: अदरक को अक्सर स्वाद का खजाना माना जाता है. ग्रेवी हो या फिर कोई सब्जी, अदरक व्यंजन में जान डाल देता है. इसे सिर्फ स्वाद ही नहीं बल्कि सेहत का खजाना भी माना जाता है. सदियों से अदरक का इस्तेमाल आयुर्वेदिक और घरेलू इलाज के तौर पर होता आया है लेकिन क्या आपने सोचा है कि यदि आप इसे 1 महीने तक लगातार अपनी डाइट में शामिल करें तो आपकी बॉडी पर इसका क्या असर होगा?
मॉडर्न साइंस भी अब इस बात को मान रही है कि अदरक में मौजूद जिंजरोल जैसे कंपाउंड्स शरीर को अंदर से मजबूती देने का काम करते हैं. जब आप इसे रोजाना लेते हैं तो यह आपकी बॉडी के अलग-अलग फंक्शन्स को बेहतर बनाने में मदद करता है. तो आइए इसके फायदे जान लीजिए.
पाचन में मिलता है जबरदस्त सुधार
क्लीवलैंड क्लीनिक का कहना है, अदरक आपके डाइजेस्टिव सिस्टम को तेज कर देता है. अदरक पेट खाली होने की प्रक्रिया को तेज करता है जिससे ब्लोटिंग, गैस और अपच जैसी समस्याओं में राहत मिलती है. यदि आप हैवी मील के बाद अदरक का सेवन करते हैं तो यह पेट में भारीपन को कम करने में काफी मददगार साबित हो सकता है.
इन्फ्लेमेशन और दर्द से राहत
हेल्थलाइन का कहना है, जो लोग जोड़ों के दर्द या ऑस्टियोआर्थराइटिस से परेशान हैं उनके लिए अदरक काफी फायदेमंद है. अदरक में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं जो शरीर में होने वाली सूजन और दर्द को कम करने का काम करते हैं. यह मसल्स दर्द को भी ठीक करने में मदद करता है, खासकर वर्कआउट के बाद होने वाली जकड़न में.
ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल
डायबिटीज और हार्ट हेल्थ के लिए भी अदरक के कई फायदे देखे गए हैं. रिसर्च बताती है कि रोजाना अदरक का सेवन टाइप-2 डायबिटीज वाले लोगों में ब्लड शुगर लेवल को मैनेज करने में सहायक हो सकता है.
UCLA हेल्थ का कहना है कि यह बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद करता है जिससे हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.
इम्यूनिटी और स्किन हेल्थ
अदरक एंटीऑक्सीडेंट्स का पावरहाउस है जो आपकी इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है. यह न सिर्फ आपको सर्दी-खांसी जैसे कॉमन इंफेक्शन्स से बचाता है, बल्कि यह स्किन की क्वालिटी में भी सुधार करता है. यह शरीर के ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है जिससे स्किन में एक नेचुरल ग्लो आता है और एजिंग का असर धीमा हो जाता है.