गर्मियां और बारिश का मौसम आते ही घर में मक्खियों भिनभिन करने लगती हैं. कभी ये रसोई में रखे खाने पर बैठ जाती हैं, तो कभी डाइनिंग टेबल और कूड़ेदान के आसपास मंडराती रहती हैं. दिखने में छोटी लगने वाली ये मक्खियां ना सिर्फ घर के लोगों को परेशान करती हैं, बल्कि बहुत गंदगी भी फैलाती हैं. इनके जरिए कई तरह के कीटाणु भी घर तक पहुंच सकते हैं. इनसे परेशान होकर लोग इन्हें भगाने के लिए कई तरह के केमिकल प्रोडक्ट्स और स्प्रे खरीदते हैं, लेकिन फिर भी ये वापस आ ही जाती हैं.
अगर आप भी हर बार गर्मियों और बरसात के मौसम में इस समस्या से परेशान रहते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. बस कुछ आसान आदतें अपनाकर आप मक्खियों को घर से दूर रख सकते हैं. आइए जानते हैं कि मक्खियां घर में क्यों आती हैं और इन्हें हमेशा के लिए दूर रखने के आसान और असरदार तरीके क्या हैं.
गर्मियों में मक्खियों को घर से दूर रखने के आसान उपाय
1. खिड़कियों की जाली हमेशा सही रखें: अगर खिड़की या दरवाजे की जाली फटी हुई है या उसमें गैप है, तो मक्खियां आसानी से अंदर आ जाएंगी. समय-समय पर जाली की जांच करें और जरूरत पड़े तो उसे बदल दें.
2. कूड़ेदान रोज खाली करें: रसोई का कूड़ा कई दिनों तक घर में न रखें. खासकर गर्मियों में कूड़ेदान रोज खाली करें और उसका ढक्कन हमेशा बंद रखें. बाहर वाले डस्टबिन को भी घर के दरवाजे से थोड़ी दूरी पर रखें.
3. सड़े-गले फल और बचा हुआ खाना तुरंत हटाएं: केले के छिलके, कटे हुए फल, बचा हुआ खाना या खराब सब्जियां खुली न छोड़ें. ये मक्खियों को सबसे ज्यादा अटरैक्ट करते हैं.
4. डस्टबिन और रीसाइक्लिंग बिन की सफाई करें: खाली बोतलें, जूस के डिब्बे और खाने के पैकेट फेंकने से पहले पानी से धो लें. इससे उनमें बदबू नहीं बनेगी और मक्खियां कम आएंगी.
5. ड्रेन की नियमित सफाई करें: अगर सिंक या ड्रेन में गंदगी जमा हो गई है तो वहां ड्रेन फ्लाई पनप सकती हैं. हफ्ते में एक-दो बार ब्रश और ड्रेन क्लीनर से अच्छी तरह सफाई करें.
6. बाहर खाना खाते समय खाने को ढककर रखें: अगर आप बालकनी, छत या गार्डन में खाना खा रहे हैं तो खाने को जालीदार फूड कवर से ढक दें. इससे मक्खियां खाने पर नहीं बैठेंगी.
7. पंखा चलाएं: मक्खियों को तेज हवा में बैठ नहीं पाती हैं. अगर आप बाहर बैठकर खाना खा रहे हैं या रसोई में ज्यादा मक्खियां हैं, तो पंखा या टेबल फैन चला दें. इससे मक्खियां आसपास नहीं टिकतीं.
8. पालतू जानवरों की गंदगी तुरंत साफ करें: अगर घर में डॉग या कैट है, तो उनकी गंदगी देर तक न छोड़ें. इससे भी मक्खियां तेजी से अट्रैक्ट होती हैं.
कैसे पहचानें कि घर में मक्खियों की समस्या बढ़ गई है?
अगर घर में अचानक बहुत ज्यादा मक्खियां दिखाई देने लगें, ड्रेन के पास छोटी-छोटी मक्खियां मंडराएं या कूड़ेदान के आसपास उनके कीड़े दिखाई दें, तो समझिए कि समस्या बढ़ रही है. ऐसे में सबसे पहले उनकी पनपने की जगह ढूंढकर साफ करें.
क्या घरेलू नुस्खे और खुशबूदार चीजें मक्खियां भगा देती हैं?
सोशल मीडिया पर अक्सर साबुन, एसेंशियल ऑयल, पानी से भरे बैग में सिक्के लटकाने या अलग-अलग घरेलू नुस्खों की सलाह दी जाती है. लेकिन ये तरीके कितनी हद तक काम करते हैं इसका कोई सुबूत नहीं है. इसलिए इन पर पूरी तरह भरोसा करने के बजाय सफाई और कूड़ा इकट्ठा ना होने देने पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.
अगर मक्खियां घर में आ ही जाएं तो क्या करें?
अगर घर में एक-दो मक्खियां आ गई हैं तो उन्हें मारने के लिए मक्खी मारने वाला बैट सबसे आसान तरीका है. मक्खी मारने के बाद उस जगह और बैट को अच्छी तरह साफ कर लें. अगर घर में ज्यादा संख्या में मक्खियां लगातार दिखाई दे रही हैं और वजह समझ नहीं आ रही, तो किसी प्रोफेशनल पेस्ट कंट्रोल सर्विस की मदद लेना बेहतर रहेगा.