Lauki ki Kadhi Recipe: लंच में मिनटों में बनाएं लौकी की टेस्टी कढ़ी, स्वाद में लाजवाब और बनाना है आसान
Lauki ki Kadhi Recipe: आपने कई तरह की कढ़ी खाई होगी लेकिन क्या कभी लौकी की कढ़ी ट्राई की है. अगर नहीं तो आज हम आपको लौकी की टेस्टी कढ़ी बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे एक बार खाने के बाद आप बार-बार बनाना पसंद करेंगे.
Advertisement
X
गरमा-गरम चावल के साथ बनाएं टेस्टी और हेल्दी लौकी की कढ़ी (Photo- ITG)
Lauki ki Kadhi Recipe: कढ़ी भारतीय घरों में बनने वाली सबसे पसंदीदा डिशों में से एक है. किसी को पंजाबी कढ़ी पसंद होती है तो किसी को गुजराती या राजस्थानी कढ़ी. लेकिन अगर आप कढ़ी का थोड़ा हेल्दी और हल्का वर्जन ट्राई करना चाहते हैं तो लौकी की कढ़ी एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. लौकी भले ही हर किसी की फेवरेट सब्जी न हो लेकिन जब इसे कढ़ी में डाला जाता है तो इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है. खास बात यह है कि बच्चे भी इसे चाव से खा लेते हैं. तो आइए जानते हैं कि लौकी की कढ़ी कैसे बनती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 छोटी लौकी (छीलकर कद्दूकस की हुई)
500 ग्राम दही
1 बड़ा चम्मच बेसन
2 गिलास पानी
1 बड़ा चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई
1 चुटकी हींग
2-3 हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच घी
2 सूखी लाल मिर्च
1/4 छोटा चम्मच मेथी दाना
1 छोटा चम्मच जीरा
8-10 करी पत्ते
3-4 लहसुन की कलियां
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
1/2 छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया
1/2 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें. अब एक गहरे पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई, हींग और हरी मिर्च डालें. जब तड़का चटकने लगे, तब उसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालकर 5-7 मिनट तक भून लें.
एक अलग बर्तन में दही को अच्छी तरह फेंट लें. फिर उसमें बेसन डालकर बिना गुठली वाला मिश्रण तैयार करें. अब इसमें पानी मिलाएं और इस मिश्रण को लौकी वाले पैन में डाल दें.
इसे उबाल आने तक पकाएं और फिर कम गैस पर छोड़ दें. दूसरी तरफ एक छोटे पैन में घी गर्म करें और उसमें सूखी लाल मिर्च, मेथी दाना, जीरा और करी पत्ते डालकर तड़का तैयार करें.
अब इसमें लहसुन, कसूरी मेथी, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें. मसालों की खुशबू आने लगे तो इस तड़के को कढ़ी में डाल दें.
कढ़ी को 10 मिनट तक और पकाएं. आखिर में ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा अमचूर डालें. आपकी टेस्टी लौकी की कढ़ी तैयार है.
लौकी की कढ़ी को आप गरमा-गरम चावल के साथ सबसे ज्यादा टेस्टी लगता है. आप चाहें तो इसे जीरा राइस, फुल्का, बाजरे की रोटी या खिचड़ी के साथ भी सर्व कर सकते हैं.