कलकत्ता हाईकोर्ट ने इंटरनेशनल योग दिवस के मौके पर कोलकाता के रेड रोड पर 7 दिनों तक वाहनों की आवाजाही रोकने के सरकारी आदेश को चुनौती देने वाली याचिका को स्वीकार कर लिया है.
एडवोकेट शमीम अहमद ने जस्टिस सौगत भट्टाचार्य (कोर्ट-5) के सामने ये मामला उठाया. ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से दायर इस याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने याचिका पर सुनवाई की अनुमति दे दी है. कोर्ट कल (गुरुवार) इस मामले की विस्तृत सुनवाई करेगा.
दरअसल, पश्चिम बंगाल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के आयोजन के मद्देनजर कोलकाता के रेड रोड पर 7 दिनों तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था. इस आदेश के खिलाफ ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन ने हाईकोर्ट का रुख किया. याचिका में कहा गया है कि 7 दिनों का वाहनों पर प्रतिबंध का आदेश अनुचित है.
इसके अलावा मुख्य आयोजन के दिन यानी 21 जून 2026 को सुबह 2 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक गुरु नानक सरनी (मेयो रोड) पर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, केवल विशेष स्टिकर वाली गाड़ियों को ही जाने की अनुमति होगी. इसके अलावा एजेसी बोस रोड, लेनिन सरनी, सेंट जॉर्ज गेट रोड और जेएल नेहरू रोड पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों (Goods Vehicles) की आवाजाही पर भी सख्त पाबंदी लागू रहेगी.
साथ ही योग दिवस के दिन सुबह से ही हॉस्पिटल रोड, लवर्स लेन, कैसुरीना एवेन्यू, किंग्सवे, क्वींसवे, डफरिन रोड, आउटराम रोड और एस्प्लेनेड रैंप जैसे दर्जनों रास्ते बंद कर दिए जाएंगे. इस दौरान यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए रेड रोड नॉर्थ से आने वाले वाहनों को जेएन आइलैंड से आउटराम रोड-जेएल नेहरू रोड या डफरिन रोड-मेयो रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
PM मोदी लेंगे भाग
इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में होगा, जिसकी अगुवाई खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इस बारे में आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सोमवार को जानकारी दी थी.
इस साल की थीम है- 'स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग' यानी बुढ़ापे को स्वस्थ बनाने के लिए योग. मतलब जैसे-जैसे इंसान की उम्र बढ़ती है, योग उसे शरीर और मन दोनों से फिट रखने में मदद करता है. दुनिया में लोग पहले से ज्यादा उम्र तक जी रहे हैं, तो जरूरी है कि वो साल सेहतमंद, सक्रिय और खुशहाल हों. यही इस थीम का मकसद है.