scorecardresearch
 

पहले नशा बेचने से रोका, फिर हमला... तलवार, पिस्तौल और पत्थरों के साथ वाल्मिकी मंदिर में घुसे 25 लोग

लुधियाना के एक वाल्मिकी मंदिर पर करीब 25 हथियारबंद लोगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर तलवार और पिस्टल लहराते हुए मंदिर में घुसते और पथराव करते नजर आ रहे हैं. हमले के दौरान मंदिर की खिड़कियां भी टूट गईं.

Advertisement
X
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच. (Photo: Representational)
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच. (Photo: Representational)

पंजाब के लुधियाना में एक वाल्मिकी मंदिर पर हमले का मामला सामने आया है. आरोप है कि करीब 25 लोग तलवार और पिस्तौल लेकर मंदिर में घुस गए, जमकर पथराव किया और तोड़फोड़ मचाई. हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव है. वाल्मिकी समाज ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है.

हमले के दौरान मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूट गए. आरोप है कि हमलावरों ने 20 वर्षीय युवक को पकड़कर बेरहमी से पीटा. मारपीट में उसका हाथ टूट गया और सिर पर गंभीर चोटें आईं. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

यह भी पढ़ें: पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का बवाल, ट्रेन में तोड़फोड़-पथराव, IG समेत कई पुलिसकर्मी जख्मी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस विवाद की शुरुआत कथित तौर पर नशे को लेकर हुई थी. ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में कुछ लोगों पर नशीले पदार्थ बेचने के आरोप थे. वाल्मिकी समाज और मोहल्ला सुधार समिति के लोगों ने उनसे यह धंधा बंद करने को कहा था. आरोप है कि इसी बात की रंजिश में 6 जुलाई को हमलावरों ने मंदिर और आसपास के इलाके में हमला कर दिया.

घटना के बाद वाल्मिकी समाज और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. देर रात बड़ी संख्या में लोग थाना-7 के बाहर जमा हुए और प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर एससी/एसटी एक्ट और धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाए.

Advertisement

पुलिस ने घायल की शिकायत पर 6 नामजद और 20 से 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और वायरल वीडियो समेत सभी सबूतों की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement