scorecardresearch
 

34 साल की तलाकशुदा महिला और 22 का छात्र... रात में गया घर तो लोगों ने करा दी शादी

बिहार के हथिदह में 22 वर्षीय छात्र नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी 34 वर्षीय एक बच्चे की मां सीता कुमारी से धमकी देकर जबरन शादी कराई गई. वहीं, सीता का दावा है कि दोनों पिछले दो महीने से प्रेम संबंध में थे और शादी आपसी सहमति से हुई. शादी और बाढ़ कोर्ट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कराई है और मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
34 वर्षीय महिला और छात्र, जिनकी हुई है शादी. (Photo: Screengrabs)
34 वर्षीय महिला और छात्र, जिनकी हुई है शादी. (Photo: Screengrabs)

बिहार के पटना जिले के हथिदह में शादी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. यहां 22 वर्षीय छात्र नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी मर्जी के खिलाफ तलाक शुदा 34 वर्षीय महिला और एक बच्चे की मां सीता कुमारी से जबरन शादी करा दी गई. वहीं, सीता का दावा है कि दोनों पिछले करीब दो महीने से प्रेम संबंध में थे और यह शादी दोनों की सहमति से हुई. दोनों के विरोधाभासी दावों के बीच शादी और कोर्ट परिसर के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

छात्र का आरोप मंदिर में जबरन कराई गई शादी
खगड़िया जिले के चौथम गांव निवासी नीतीश कुमार ने बताया कि वह 9 जुलाई को बेगूसराय के जीडी कॉलेज में बीए चौथे सेमेस्टर में नामांकन और रिजल्ट लेने गया था. इसी दौरान उसकी परिचित सीता कुमारी का फोन आया. सीता ने मिलने के लिए बुलाया और देर शाम होने पर उसे अपने घर हथिदह तक छोड़ने के लिए कहा. नीतीश के मुताबिक घर पहुंचने के बाद सीता के परिवार ने रात अधिक होने का हवाला देकर उसे वहीं रुकने के लिए मना लिया.

छात्र का आरोप है कि रात में 8 से 10 युवक घर पहुंचे और उसे जबरन एक मंदिर ले गए. वहां उसने सीता को दुल्हन के जोड़े में देखा. नीतीश का कहना है कि उसने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन युवकों ने जान से मारने की धमकी दी. डर के कारण उसे सीता की मांग में सिंदूर भरना पड़ा. उसने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन 10 जुलाई को उसे बाढ़ कोर्ट ले जाकर कोर्ट मैरिज के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने साइन करने से इनकार कर दिया.

Advertisement

नीतीश का कहना है कि वह सीता से नहीं, बल्कि उसकी छोटी बहन से शादी करना चाहता था. उसका आरोप है कि इसी बात को लेकर साजिश रची गई और उसकी जबरन शादी करा दी गई. उसने साफ कहा कि वह इस विवाह को स्वीकार नहीं करता. दूसरी ओर, सीता कुमारी ने सभी आरोपों को खारिज किया है. उसका कहना है कि उसने शुरुआत में ही नीतीश को बता दिया था कि वह पहले से शादीशुदा थी, करीब 10 साल पहले उसका तलाक हो चुका है और वह एक बच्चे की मां है.

इसके बावजूद दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और शादी का फैसला आपसी सहमति से लिया गया. सीता का दावा है कि नीतीश उसकी आर्थिक स्थिति से भी परिचित था. उसने बताया कि उसके बैंक खाते में करीब छह लाख रुपये हैं और एलआईसी पॉलिसी भी है. उसके अनुसार कोर्ट मैरिज के समय अचानक नीतीश अपने फैसले से पीछे हट गया. जानकारी के मुताबिक दोनों की मुलाकात करीब ढाई-तीन महीने पहले हुई थी. जब नीतीश अपनी बहन के घर हथिदह आया था, तभी उसकी पहचान सीता से हुई.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो आगे चलकर प्रेम संबंध में बदल गई. हालांकि अब यही रिश्ता विवाद का कारण बन गया है. शादी के बाद मामला बाढ़ कोर्ट और फिर हथिदह थाना पहुंचा. पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई. इसके बाद सीता को नीतीश के साथ उसके खगड़िया स्थित घर भेज दिया गया. फिलहाल किसी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह जबरन कराई गई शादी थी या फिर प्रेम प्रसंग के बाद उत्पन्न हुआ विवाद. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement