scorecardresearch
 

अयोध्या के भदरसा का नाम बदला, अब 'भरत नगर' से होगी नई पहचान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के भदरसा कस्बे का नाम बदलकर 'भरत नगर' करने का ऐलान किया है. इसके साथ ही खिलौनी-सुचितागंज नगर पंचायत का नाम भी 'मां ज्वाला जी' नगर पंचायत रखा जाएगा.

Advertisement
X
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. (Photo- ITG)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या जिले के भदरसा कस्बे का नाम बदलकर 'भरत नगर' करने का ऐलान किया. उन्होंने बिकापुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान यह घोषणा की. इसके साथ ही नवगठित खिलौनी-सुचितागंज नगर पंचायत का नाम बदलकर 'मां ज्वाला जी नगर पंचायत' रखने की भी घोषणा की गई.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भदरसा अब भरत नगर के नाम से जाना जाएगा. साथ ही, भरत कुंड से जुड़े क्षेत्र की पहचान भी भरत नगर के रूप में विकसित की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह फैसला भगवान श्रीराम के छोटे भाई भरत के त्याग, समर्पण और आदर्शों को सम्मान देने के लिए लिया गया है.

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश: 'वक्फ के नाम पर सपा-कांग्रेस चुप क्यों है?', विपक्ष पर भड़के सीएम योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भगवान राम 14 वर्ष के वनवास पर गए थे, तब भरत ने अयोध्या का सिंहासन स्वीकार नहीं किया. उन्होंने श्रीराम की खड़ाऊं को राजसिंहासन पर स्थापित कर स्वयं भरत कुंड में रहकर राज्य का संचालन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में भरत जैसा भाई मिलना कठिन है और उनका जीवन त्याग और मर्यादा की मिसाल है.

Advertisement

भदरसा का नाम बदलकर भरत नगर किया गया

मुख्यमंत्री ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में भदरसा में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों का व्यवहार जनता ने देखा है, जो उनके वास्तविक चरित्र को दर्शाता है. इसी संदर्भ में उन्होंने भदरसा का नाम बदलकर भरत नगर करने की घोषणा की.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पूरे देश के लिए प्रेरणा है. सरकार भरत नगर को एक विकसित नगर पंचायत के रूप में आगे बढ़ाएगी और यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी आरोप: निष्पक्ष जांच के लिए ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से SIT जांच कराने का किया अनुरोध

गौरतलब है कि, उत्तर प्रदेश सरकार पिछले कुछ वर्षों में कई शहरों और कस्बों के नाम बदल चुकी है. हाल ही में शाहजहांपुर की जलालाबाद तहसील का नाम बदलकर 'भगवान परशुराम पुरी' करने की घोषणा की गई थी. इससे पहले कुशीनगर के फाजिलनगर का नाम 'पावागढ़' करने का ऐलान हुआ था. वहीं, इलाहाबाद का नाम प्रयागराज और फैजाबाद जिले का नाम अयोध्या किया जा चुका है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement