बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर महाराष्ट्र सरकार सख्त रुख अपनाती दिखाई दे रही है. इस मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हमले का मास्टरमाइंड कहीं भी छुपा हो, प्रशासन उसे ढूंढ निकालेगा.
रविवार रात को टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद देवेंद्र फडणवीस ने एक्टर को फोन कर उनका हाल जाना था. उन्होंने एक्टर से कहा था कि वो उनके साथ और इस मामले पर सख्त एक्शन लिया जाएगा.
अब सोमवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने दावा किया है कि हमलावर जल्द पकड़े जाएंगे. उन्होंने कहा, 'ये बहुत सीरियस और निंदनीय मामला है. मुंबई पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है.'
मुंबई पुलिस को मिले अहम सुराग- CM फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई पुलिस को हमलावरों के कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर वो अभी काम कर रहे ही. इसके साथ ही कुछ खास लोगों की पहचान भी हो चुकी है, जिन्हें बहुत जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा.
'हमलावरों के आका छुपकर बैठे हैं...'
फडणवीस ने आगे कहा, 'इनके (हमलावरों के) जो आका छुपकर बैठे हैं और दूर से संदेश भेजते हैं, उन्हें भी हम ढूंढेंगे. इनमें से कोई भी व्यक्ति महाराष्ट्र के अंदर से ऑपरेट नहीं करता है. जो लोग राज्य के अंदर से ऑपरेट करते हैं, उन्हें पहले ही अरेस्ट कर लिया गया है. ये अपराधी महाराष्ट्र के बाहर से, या देश के बाहर से भी ऑपरेट कर रहे हैं. जिन राज्यों से वो ऑपरेट करते हैं, उनके साथ कोऑर्डिनेट करके और विदेश से ऑपरेट करने वालों के बारे में केंद्र सरकार की मदद से, हम उन्हें ट्रैक करेंगे और उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे.'
महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि मैं फिर से कहता हूं कि ये डरपोक लोग हैं. वो अंधेरे में रहकर हमला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया जाएगा.
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार
फडणवीस ने इस दौरान इस मामले को लेकर विपक्ष के हमलों का भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'विपक्षी पार्टी सरकार को टारगेट करने का काम कर रही है. वो अपने गिरेबान में झांक कर देखें कि ये वही लोग हैं जिनके कार्यकाल में सरकार अपने पुलिस से मर्डर करवाती थी. मनसुख हीरेन का मर्डर ये लोग भूल गए.'
तत्कालीन सरकारों पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्होंने ट्रांसफर पोस्टिंग में पैसा खाया. उनके मंत्रियों को जेल में जाना पड़ा, किस तरह से देश के सबसे बड़े उद्योगपति भी इनके काल में सुरक्षित नहीं थे. उनके घर के नीचे उनकी पुलिस बम रख ती थी, इसलिए मुझे लगता है विपक्षी कुछ भी कहे, मुंबई पुलिस पर लोगों का और बॉलीवुड दोनों का विश्वास है. मैंने टाइगर श्रॉफ को आश्वस्त किया है वो चिंता ना करें, जिन्होंने ये किया है उनको ढूंढ कर निकालेंगे.
यह भी पढ़ें: सलमान खान के पीछे क्यों पड़ा है लॉरेंस गैंग? 8 साल में धमकी और करीबियों पर हमलों की पूरी टाइमलाइन, यहां पढ़ें
बता दें कि रविवार को फुटबॉल खेलकर लौटते समय एक्टर टाइगर श्रॉफ पर दो अज्ञात हमलावरों ने 5 राउंड फायरिंग कर दी. इस हमले में एक्टर के ड्राइवर को गोली लग गई. वहीं खुद टाइगर भी घायल हो गए. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है.