scorecardresearch
 

हिमाचल में मंत्रियों-विधायकों की रुकी हुई सैलरी बहाल, CM सुक्खू बोले- जुलाई में मिलेगा पूरा एरियर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन स्थगन को वापस ले लिया है. उन्होंने ऐलान किया है कि हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच सभी पेंशनर्स को पेंशन मिल जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने जुलाई में बुजुर्गों और रिटायर्ड कर्मचारियों के बकाया एरियर का भुगतान करने का भी ऐलान किया है.

Advertisement
X
CM सुक्खू ने कई बड़े ऐलान किए हैं. (Photo/PTI)
CM सुक्खू ने कई बड़े ऐलान किए हैं. (Photo/PTI)

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि राज्य जल्द ही आत्मनिर्भर बनने जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 'व्यवस्था परिवर्तन' के तहत कई कड़े फैसले लिए हैं. अब इन फैसलों के सकारात्मक नतीजे सामने आने लगे हैं.

मुख्यमंत्री सुक्खू ने रविवार को अचानक सचिवालय पहुंचकर वित्त विभाग के अधिकारियों और HRTC पेंशनर्स के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक में कर्मचारियों, बुजुर्गों की पेंशन और प्रदेश के वित्तीय हालात को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए.

सीएम सुक्खू ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि चीफ सेक्रेटरी, एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, मंत्रियों और विधायकों के वेतन को स्थगित करने वाली नोटिफिकेशन को अब वापस ले लिया गया है. आने वाले महीने से इन सभी को एरियर भी मिलेगा और जुलाई में पूरा वेतन दिया जाएगा. 

HRTC पेंशनर्स को 7 से 10 तारीख तक मिल जाएगी पेंशन

हालांकि, मुख्यमंत्री ने बताया कि इस फैसले में खुद मुख्यमंत्री को छोड़कर बाकी सभी लोग शामिल हैं. इसके साथ ही, एचआरटीसी के पेंशनर्स की लंबे समय से चली आ रही समस्या को सरकार ने हमेशा के लिए हल कर दिया है. सीएम ने कहा कि कोरोना काल से पहले पेंशनर्स को तीन-तीन महीने तक पेंशन के लिए तरसना पड़ता था.

Advertisement

अब सरकार ने तय किया है कि हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच सभी HRTC पेंशनर्स को पेंशन मिल जाएगी. इसके लिए सरकार एचआरटीसी को हर महीने 20 करोड़ रुपए की ग्रांट देगी. पेंशन का कुल खर्च 23 करोड़ रुपए है, जबकि बची हुई बाकी रकम को एचआरटीसी अपने राजस्व से पूरा करेगी. इसके अलावा, मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए भी सरकार ने 20 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए हैं.

मुख्यमंत्री सुक्खू ने ये भी ऐलान किया कि 65 साल से ज्यादा उम्र के बुजुगों और 65 से 70 साल के रिटायर्ड कर्मचारियों का पूरा बकाया एरियर जुलाई महीने में ही चुका दिया जाएगा. इस दौरान सीएम ने पूर्व की बीजेपी सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जमकर जुबानी हमले किए.

बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

उन्होंने कहा कि बीजेपी के समय प्रदेश की वित्तीय स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी थी, जिसे अब उनकी सरकार सुधार रही है. अगर बीजेपी ने सही फैसले लिए होते, तो प्रदेश आज कर्ज मुक्त होता. उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से RDG बंद किए जाने पर भी निशाना साधा और कहा कि अगर केंद्र ने आरडीजी बंद नहीं की होती, तो हिमाचल साल 2026 में ही पूरी तरह आत्मनिर्भर बन जाता और कर्मचारियों का एरियर भी समय पर दे दिया जाता.

Advertisement

महंगाई और इस्तीफों के बयान पर केंद्र-बीजेपी को घेरा

LPG सिलेंडर के बढ़े दामों पर भी सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि ये समझ नहीं आता कि जनता इतनी महंगाई के बावजूद बीजेपी को वोट क्यों देती है. आज गैस सिलेंडर आम आदमी की जेब पर डाका डाल रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि जो गैस सिलेंडर कांग्रेस के समय 450 रुपए का मिलता था, वो आज 1000 रुपए से ऊपर हो गया है. इसके साथ ही कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें भी आसमान छू रही हैं.

यह भी पढ़ें: 'सुक्खू ने जिसका किया प्रचार, उसे मिले सिर्फ 650 वोट', जयराम ठाकुर का CM पर तंज

वहीं, बीजेपी सांसद हर्ष महाजन के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने नीरज भारती के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा था कि 'अभी राज्य में इस्तीफों की झड़ी लगने वाली है', मुख्यमंत्री ने तीखा पलटवार किया. सीएम ने कहा कि ये कोई गंभीर मसला नहीं है और किसी 'नशेड़ी' की स्टेटमेंट को सीरियसली नहीं लिया जाना चाहिए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement