कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और मांगों के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक से मुलाकात की. मंत्रियों ने वांगचुक से मिलकर उनका हाल जाना और उन्हें बताया कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है.
सूत्रों के मुताबिक, जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने वांगचुक के साथ एक घंटे से भी ज्यादा समय तक बातचीत की. सरकार ने सोनम वांगचुक को भरोसा दिलाया है कि देश के एजुकेशन सिस्टम में जरूरी बदलाव लाने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं.
इसके साथ ही, मंत्रियों ने वांगचुक से अपील की कि वो छात्रों से सरकार पर भरोसा बनाए रखने और आगे कोई भी उग्र कदम न उठाने की अपील करें. सूत्रों की मानें तो मेदांता अस्पताल जाने से पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. दोनों नेताओं के बीच 4 घंटे से भी ज्यादा समय तक बैठक चली थी.
दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है. सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से बात की थी. इस बातचीत के दौरान रिजिजू ने बताया कि जितेंद्र सिंह ने जो प्रस्ताव रखा है, उसके मुताबिक सरकार संसद में चर्चा की मांग पर सहमत हो गई है.
यह भी पढ़ें: एक दिन में दो बार मुलाकात... जेपी नड्डा और CJP के बीच बातचीत की Inside Story
हालांकि, सूत्रों का दावा है कि इसके बाद राहुल गांधी ने अपना रुख बदल दिया. उन्होंने कहा कि ये उनका फैसला है कि अब वो सबसे पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा चाहते हैं. बाद में राहुल गांधी ने अपनी मांगों का दायरा बढ़ाते हुए गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी जोड़ दी.