मोटापे से परेशान लोग वजन घटाने के लिए एक्सरसाइज, दवाओं और सर्जरी तक का सहारा लेते हैं. वहीं, कुछ लोग जल्दी वजन कम करने के चक्कर में खाना बहुत कम कर देते हैं या कई दिनों तक सिर्फ जूस, सूप और दूसरे लिक्विड फूड पर निर्भर रहते हैं. लेकिन क्या इस तरीके से वजन घटाना ठीक है? क्या इससे हार्ट और लिवर की सेहत को नुकसान पहुंच सकता है? इस बारे में डॉक्टर ने बताया है.
न्यूट्रिशनिस्ट और लाइफस्टाइल मैनेजमेंट कोच डॉ. अनु गोस्वामी ने Aajtak.in को बताया कि वजन घटाने के लिए जल्दबाजी करने के बजाय सही तरीके को अपनाना चाहिए. उनके मुताबिक, कुछ लोग अपनी डाइट बहुत कम कर देते हैं या सिर्फ लिक्विड डाइट लेने लगते हैं. इससे शुरुआती दिनों में वजन तेजी से घट सकता है, लेकिन इसका एक हिस्सा शरीर में जमा पानी का वजन होता है, जिससे लगता है कि वेट कम हो गया है, लेकिन जरूरी ये है कि हम वॉटर वेट नहीं बल्कि फैट को कम करें, क्योंकि फैट कम होगा तभी फायदा है. नहीं तो तेजी से जो वजन घटा है वह वापिस भी उतना जल्दी ही बढ़ भी जाएगा.
शरीर में हो सकती है पोषण की कमी
डॉ. अनु बताती हैं कि जब लोग जल्दी वजन घटाने के चक्कर में खाना कम कर देते हैं या केवल लिक्विड फूड लेते हैं तो इससे शरीर में पोषण की कमी हो जाती है. इससे मांसपेशियों को भी नुकसान पहुंच सकता है. इससे कमजोरी, थकान हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें: मोटापा बढ़ा सकता है कई तरह के कैंसर का खतरा, 15 लाख मरीजों पर हुई बड़ी स्टडी में खुलासा
क्या हार्ट और लिवर को हो सकता है नुकसान?
डॉ. अनु गोस्वामी के मुताबिक, तेजी से वजन घटाने वाली डाइट से सीधे हार्ट या लिवर को नुकसान होता है, ऐसा कहना सही नहीं होगा. खतरा इस बात पर निर्भर करता है कि डाइट कितनी सीमित है, वजन कितनी तेजी से घट रहा है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल रहे हैं या नहीं. बहुत कम कैलोरी लेने और पोषण की गंभीर कमी होने पर शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ सकता है.जो सेहत के लिए नुकसानदायक होता है.
वजन घटाने के लिए कैसी होनी चाहिए डाइट?
वजन घटाने के लिए अच्छी डाइट और रोजाना एक्सरसाइज जरूरी है. रोज कम से कम आधा घंटा कोई भी एक्सरसाइज करें. खाने में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट, विटामिन और मिनरल्स का संतुलन बनाए रखना चाहिए. खाने में पहले प्रोटीन लें और उसके बाद कॉर्ब लें. ये ध्यान रखें कि प्रोटीन अपने वजन के हिसाब से ही ले. अगर 70 किलोग्राम वजन है तो दिन में 70 ग्राम प्रोटीन लेना काफी है. अगर आपको किडनी की कोई बीमारी है तो इस मामले में डॉक्टर से सलाह लें.
यह भी पढ़ें: क्या होती है प्रोटीन वाली कॉफी? डॉक्टर ने बताया क्या सच में इससे मोटापा घट सकता है
कितना वजन घटाना है सही?
अगर आपने कोई सर्जरी नहीं कराई है तो वजन धीरे- धीरे घटाना अच्छा है.आमतौर पर सप्ताह में करीब आधा किलो वजन कम करना सही है, हालांकि हर व्यक्ति की जरूरत अलग होती है.