एचबीओ (HBO) का पॉपुलर और कंट्रोवर्शियल शो 'यूफोरिया' (Euphoria) एक बार फिर चर्चा में है. 'यूफोरिया' का सीजन 3 ओटीटी पर आ चुका है. इस बीच शो के ट्रेलर को लेकर सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है. ट्रेलर में एक्ट्रेस सिडनी स्वीनी के कुछ NSFW यानी स्टीमी सीन हैं. इन सीन्स की वजह से एक्ट्रेस समेत शो और उसके मेकर्स की भारी आलोचना हो रही है. ऐसे में चैनल ने ट्रेलर को डिलीट कर उसमें बदलाव किए और नया ट्रेलर अपलोड कर दिया है.
सिडनी स्वीनी को देख भड़के यूजर्स
पहले दो सीजन की तरह तीसरे सीजन को मिली-जुली और कुछ हद तक नेगेटिव प्रतिक्रिया मिली है. एचबीओ ने हाल ही में 'यूफोरिया' सीजन 3 का ट्रेलर रिलीज किया था, जिसका टाइटल था 'वीक्स अहेड'. इसमें आने वाले एपिसोड्स की एक झलक दी गई थी. लेकिन ट्रेलर में कुछ खास सेक्शुअली एक्सप्लिसिट शॉट की वजह से इसकी भारी आलोचना हुई. एक सीन में सिडनी स्वीनी के किरदार कैसी (Cassie) को बेबी आउटफिट में पैसिफायर मुंह में लगाकर भद्दे पोज में देखा जा सकता है. दूसरे सीन में वो डॉग आउटफिट पहने अपनी इंटीमेट वीडियो रिकॉर्ड कर रही हैं. इसपर शो में उसका बॉयफ्रेंड नेट जेकब्स (जेकब एलॉर्डी) उससे सेक्शुअल बातें करता है. इन सीन्स को दर्शकों ने पसंद नहीं किया. यूजर्स ने इन्हें 'महिलाओं का अपमान' बताया. इनकी आलोचना हुई, जिसके बाद HBO ने इस ट्रेलर डिलीट कर दिया.
कुछ समय बाद ट्रेलर को दोबारा अपलोड किया गया. उस विवादित शॉट को रखा गया, मगर उसमें एक जरूरी बदलाव भी किया गया है. 0:33 सेकंड के मार्क पर कैसी के बेबी आउटफिट का पिंक हूडी, जो ओरिजिनल ट्रेलर में ट्रांसपेरेंट दिख रहा था और उसमें कुछ न्यूडिटी नजर आ रही थी, उसे डिजिटली बदलकर कवर कर दिया गया है. गौरतलब है कि पुराना ट्रेलर अभी भी ऑनलाइन देखा जा सकता है.
कहां पहुंची यूफोरिया की कहानी?
'यूफोरिया' सीजन 3 का पहला एपिसोड 12 अप्रैल 2026 को रिलीज हुआ था. इस एपिसोड में उन कलाकारों और क्रू मेंबर्स को खास श्रद्धांजलि दी गई है जो रिलीज से पहले गुजर गए थे. इसमें एंगस क्लाउड, एरिक डेन और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर केविन ट्यूरेन शामिल हैं. सीजन 3 की शुरुआत पिछले सीजन के खत्म होने के पांच साल बाद की कहानी से हुई है. अब रू (जेंडेया) और उसके स्कूल के दोस्त बड़े हो चुके हैं और अलग-अलग चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. रू अब लॉरी (मार्था केली) के लिए ड्रग म्यूल का काम करती है, जिसका उसपर बहुत बड़ा कर्ज है.
दूसरी तरफ जूल्स (हंटर स्काफर) न्यूयॉर्क चली गई है और शुगर बेबी बन गई है. लेक्सी (Maude Apatow) को वार्नर ब्रदर्स के एक सोप ओपेरा में प्रोडक्शन असिस्टेंट की नौकरी मिल गई है. मैडी (एलेक्सा डेमी) अब एक्टर्स की टैलेंट मैनेजर के रूप में काम कर रही है. नेट और कैसी की सगाई हो चुकी है. नेट ने अपने पिता का बिजनेस संभाल लिया है. कैसी ने इरोटिक इन्फ्लुएंसर के रूप में करियर शुरू किया है, जिसे नेट पसंद नहीं करता. लेकिन वह अपने और नेट की ड्रीम वेडिंग के खर्चे के लिए OnlyFans पर काम करने लगी है. शो के नए एपिसोड हर रविवार को HBO पर प्रसारित होंगे और HBO Max पर स्ट्रीम किए जाएंगे. सीरीज 31 मई 2026 तक चलेगी. इस सीरीज के क्रिएटर, शोरनर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सैम लेविंसन हैं.