बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस घटना को लेकर दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे और NCP MLC जीशान सिद्दीकी का दर्द भी छलक पड़ा है. अपने पिता को खोने का गम झेल रहे जीशान ने कहा कि उनका परिवार आज भी न्याय की आस लगाए बैठा है. उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब नेताओं और फिल्मी सितारों की सुरक्षा पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं, तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगी?
'मुंबई में ऐसा होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण', टाइगर श्रॉफ पर हमले से भड़के जीशान
एएनआई से बातचीत में जीशान सिद्दीकी ने कहा कि मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता है, लेकिन यहां इस तरह की घटनाएं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उनके पिता की 2024 में हत्या कर दी गई थी और परिवार आज भी न्याय की उम्मीद कर रहा है. जीशान के मुताबिक, सरकार को इस घटना पर जवाब देना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मुंबई में लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनकी सुरक्षा नहीं बढ़ाई जा रही, तो आम लोगों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? जीशान ने इसे खुफिया तंत्र की नाकामी बताते हुए सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की.
'क्या मुझे गोली लगने का इंतजार है?' जीशान ने सरकार से पूछे तीखे सवाल
जीशान सिद्दीकी ने बताया कि पिछले दो महीनों में उन्हें चार बार धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई. उन्होंने नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि क्या सरकार इस इंतजार में है कि पहले उन्हें गोली मार दी जाए और उसके बाद सुरक्षा बढ़ाने पर विचार किया जाएगा?
जीशान ने कहा कि मुंबई में अगर अभिनेता, नेता और कारोबारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई को लेकर भी उठाई आवाज
जीशान ने कहा कि चाहे बिश्नोई गैंग हो या कोई दूसरा गिरोह, उनके परिवार ने न्याय पाने के लिए हर संभव कोशिश की है. उन्होंने बताया कि उनका परिवार अनमोल बिश्नोई को भारत वापस लाने के लिए अमेरिकी सरकार से भी अपील कर चुका है. जीशान के मुताबिक, मुंबई पुलिस को अब तक अनमोल से पूछताछ करने का मौका नहीं मिला है.
उन्होंने गुजरात की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से भी पूछताछ किए जाने की मांग की. जीशान का कहना है कि अगर उनके पिता की हत्या में किसी की भूमिका होने के आरोप हैं, तो यह पता लगाना बेहद जरूरी है कि इस हत्याकांड का असली मास्टरमाइंड कौन था.
बाबा सिद्दीकी की हत्या ने हिला दी थी मुंबई, बेटे को आज भी इंसाफ का इंतजार
बता दें कि 12 अक्टूबर 2024 को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. दशहरे के मौके पर जब बाबा सिद्दीकी कार्यालय से बाहर निकले, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया था और कहा था कि सलमान से नजदीकी उन्हें भारी पड़ी है.
पिता की हत्या के बाद से ही जीशान सिद्दीकी लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और अब टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद उन्होंने एक बार फिर मुंबई की कानून-व्यवस्था और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं.