दिलजीत दोसांझ की फिल्म मैं वापस आऊंगा को पहले दिन उम्मीद से धीमी शुरुआत मिली. शायद इसकी वजह लव स्टोरी के बैकग्राउंड में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे का प्लॉट है, जिसमें लोगों को पॉलिटिकल एंगल होने का शक हुआ. लेकिन रिव्यूज और जनता की तारीफों से दर्शकों में यह शक दूर होता नजर आ रहा है.
फिल्मों की रफ्तार थामने वाले सोमवार को मैं वापस आऊंगा को तारीफों का फायदा मिलता नजर आया. मंडे को फिल्म ने शुक्रवार से ज्यादा कलेक्शन किया है. लेकिन इसी के साथ रिलीज हुई कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता के लिए मंडे थोड़ी सी टेंशन लेकर आया है. पॉजिटिव रिव्यूज की वजह से फिल्म को दर्शक तो मिल रहे हैं लेकिन लेट प्रमोशन की वजह से इसे नुकसान पहुंच रहा है.
डायरेक्टर इम्तियाज अली की इस फिल्म ने शुक्रवार को 1.15 करोड़ रुपये कलेक्शन से शुरुआत की थी. पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के दम पर संडे तक इसका कलेक्शन बढ़कर 2.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था. अब सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि मंडे को मैं वापस आऊंगा ने 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जो फ्राइडे के ओपनिंग कलेक्शन से भी ज्यादा है. जबकि शुक्रवार के मुकाबले फिल्म के शोज की गिनती थोड़ी कम ही हुई है. मंडे तक, 4 दिनों में मैं वापस आऊंगा का नेट कलेक्शन 6.77 करोड़ रुपये हो चुका है. यह आंकड़ा उतना मजबूत तो नहीं है, जितना होना चाहिए था. लेकिन एंटरटेनमेंट के पॉपुलर मसालों, फ्रेंचाइजी के फायदे और बड़े स्टार्स के नाम के बिना आई यह फिल्म एक सॉलिड रफ्तार से आगे बढ़ती नजर आ रही है.
कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता भी बीते शुक्रवार आई 6 फिल्मों में से, अच्छे रिव्यूज पाने वाली फिल्म है. मुंबई के 26/11 हमले के बीच एक हॉस्पिटल की नर्सों की यह कहानी क्रिटिक्स को काफी पसंद आई. कंगना के काम की भी बहुत तारीफ हुई. लेकिन फिल्म का प्रमोशन बहुत लेट शुरू हुआ था. ट्रेलर वगैरह बहुत लेट आए जिससे जनता में इस फिल्म को लेकर पर्याप्त अवेयरनेस नहीं दिखी.
सिर्फ कंगना के नाम और अच्छे रिव्यूज के भरोसे शुक्रवार को 1 करोड़ रुपये से शुरुआत करके, संडे तक इसका कलेक्शन 1.80 करोड़ रुपये तक पहुंचा था. लेकिन मंडे भारत भाग्य विधाता के लिए टेंशन लेकर आया है. चौथे दिन का कलेक्शन 65 लाख रुपये ही रहा है, जो शुक्रवार के मुकाबले काफी कम है. भारत भाग्य विधाता को सॉलिड फिल्म होने के बावजूद, नई फिल्मों की भीड़ में फंसने का भी नुकसान हो रहा है. 4 दिन में फिल्म का कलेक्शन 4.90 करोड़ रुपये तक ही पहुंचा है. जबकि इसके शोज की गिनती मैं वापस आऊंगा के मुकाबले बहुत ज्यादा कम नहीं है.
मंगलवार को वॉक-इन ऑडियंस और मल्टीप्लेक्स थिएटर्स में टिकटों पर स्पेशल ऑफर मिलता है, जिससे इन दोनों फिल्मों को थोड़ा बूस्ट मिलेगा. अब देखना है कि दिलजीत की मैं वापस आऊंगा और कंगना की भारत भाग्य विधाता मंगलवार के बूस्ट को एक ठीक-ठाक बॉक्स ऑफिस रन में बदल पाती हैं या नहीं.