पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चलते राज्य में सियासी पारा बढ़ा हुआ है. ऐसे में सभी राजनीतिक दल चुनावी प्रचार में जुटे हैं. इस बीच, मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में एक विशाल और रंगारंग रोड शो कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. लेकिन इस दौरान उनकी सुरक्षा में एक बार फिर बड़ी चूक देखने को मिली.
जब रोड शो के दौरान ममता बनर्जी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करने की कोशिश कर रही थीं, तो महिलाओं के एक समूह ने उसका हाथ खींच लिया. जिसके बाद उनके पास मौजूद बॉडीगार्ड्स ने उन्हें एक किनारे किया. इसके बावजूद ममता बनर्जी ने अपना रोड शो जारी रखा.
इससे पहले जलपाईगुड़ी में भी ममता बनर्जी की सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली थी. तब उनकी पदयात्रा के दौरान एक शख्स सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके करीब पहुंच गया था.
दुर्गापुर और आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित इस ममता बनर्जी के इस रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा. रोड शो के दौरान पूरी सड़क टीएमसी के झंडों से पटी नजर आई और लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
दो किलोमीटर तक पैदल चलीं ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर के स्टील मार्केट क्रॉसिंग से भिरंगी मोरे तक लगभग दो किलोमीटर की दूरी पैदल तय की. इस दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग ममता एक झलक पाने के लिए इंतजार करते दिखे. बालकनियों और छतों परखड़े लोगों ने हाथ हिलाकर ममता बनर्जी का अभिवादन किया. वहीं, ममता ने भी जवाब मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर उन्हें जवाब दिया.
यह भी पढ़ें: जलपाईगुड़ी: CM ममता बनर्जी की पदयात्रा के दौरान सुरक्षा में सेंध, घेरा तोड़ करीब पहुंचा युवक
टीएमसी समर्थकों ने 'दीदी-दीदी' और 'जय बांग्ला' के नारे लगाए. समर्थकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत फूलों और स्कार्फ के साथ किया. रोड शो के दौरान पार्टी के झंडों के साथ-साथ नीले और सफेद रंग के गुब्बारे भी सजे नजर आए.
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होंगे मतदान
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होने हैं. राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और 4 मई को मतों की गणना की जाएगी.