scorecardresearch
 

यूपी चुनाव: सपा ने एक और उम्मीदवार का किया ऐलान, पूर्व BJP सांसद की बेटी को टिकट

समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपना दूसरा उम्मीदवार घोषित कर दिया है. बरेली की बिथरी चैनपुर सीट से पूर्व बीजेपी सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप चुनाव लड़ेंगी. अखिलेश यादव ने कहा कि उनके पार्टी में आने से पीडीए और सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत होगी.

Advertisement
X
कीर्ति कश्यप मंगलवार को ही बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हुई हैं (Photo- ITG)
कीर्ति कश्यप मंगलवार को ही बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हुई हैं (Photo- ITG)

समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने दूसरे उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से कीर्ति कश्यप को प्रत्याशी घोषित किया है. कीर्ति कश्यप आंवला के पूर्व बीजेपी सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी हैं. वह अपने पिता के साथ मंगलवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हुई थीं.

समाजवादी पार्टी ने इससे पहले अयोध्या से पवन पांडे के नाम का ऐलान किया था. अखिलेश यादव ने अब कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है. पार्टी ने उन्हें बीजेपी को हराने की जिम्मेदारी सौंपी है.

अखिलेश यादव ने कहा कि धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप बीजेपी को हराने का काम करेंगी. धर्मेंद्र कश्यप के सपा में आने से बरेली और आसपास के जिलों के साथ पूरे उत्तर प्रदेश में पीडीए और सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत होगी. अखिलेश यादव ने दावा किया कि चुनाव आते ही बीजेपी हार जाएगी. धर्मेंद्र कश्यप के पार्टी में शामिल होने से पीडीए की लड़ाई और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने के संघर्ष को मजबूती मिली है.

'जहां सम्मान नहीं, वहां रहना नहीं'

बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल होने के बाद कीर्ति कश्यप ने आजतक से बातचीत में कहा कि वह बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रही हैं. टिकट के लिए पार्टी बदलने के आरोपों पर उन्होंने कहा, 'कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना. कहते रहो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. जहां सम्मान नहीं, वहां रहना नहीं.'

Advertisement

कीर्ति ने बताया कि उनकी अखिलेश यादव से 2 अक्टूबर को मुलाकात हुई थी और मंगलवार को पार्टी में आधिकारिक रूप से शामिल हुईं. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई थी.

धर्मेंद्र कश्यप ने योगी सरकार पर लगाए आरोप

आंवला के पूर्व बीजेपी सांसद धर्मेंद्र कश्यप मंगलवार को बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सैय्यद आबिद अली समेत कई नेताओं के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए. इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि अलग-अलग दलों से चुनाव लड़ने वाले कई नेता अब सपा में पीडीए के मजबूत स्तंभ के तौर पर एक साथ खड़े हैं.

धर्मेंद्र कश्यप ने प्रदेश में कश्यप समाज के लोगों की हत्याओं का मुद्दा उठाते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में कश्यप समाज के एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हत्या हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में दोहरी व्यवस्था लागू है और आरोपी अपनी जाति का होने पर बुलडोजर कार्रवाई नहीं होती.

कई अन्य नेता भी सपा में शामिल

इस मौके पर आलापुर (बदायूं) के चेयरमैन फहीमुद्दीन, श्रावस्ती के बीजेपी नेता देव प्रताप सिंह, बहराइच के संतोष तिवारी, उन्नाव के सर्वेश कुमार वर्मा, भारतीय साहू-राठौर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष अनुज कुमार साह, बरेली के डॉ. विनोद विश्वकर्मा और उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर वाल्मीकि ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने इस दौरान कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में परिवर्तन होना तय है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement