पंजाब के डेरा बाबा नानक में महाजन सीमेंट स्टोर के मालिकों पर फायरिंग करने आए तीन संदिग्ध युवकों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. अनाज मंडी में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया. उसकी तलाश में पुलिस की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
डेरा बाबा नानक की अनाज मंडी में हुई इस घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक बाइक पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका पीछा करना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: हादसा या हमला? गुरदासपुर में 19 साल के तजिंदर की मौत पर विवाद, SIT ने शुरू की जांच
इस संबंध में डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार को तीन संदिग्ध युवकों के बाइक पर घूमने की जानकारी मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संदिग्धों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया.
पुलिस पर फायरिंग, जवाब में जवानों ने चलाई गोलियां
पुलिस को पीछे आता देख तीनों युवक अनाज मंडी की ओर भागने लगे. जब पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई.
डीएसपी जोगा सिंह के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई और मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों की मदद से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, तीसरा युवक मंडी में मौजूद पेड़-पौधों और झाड़ियों की आड़ लेकर भागने में कामयाब हो गया.
फरार संदिग्ध की तलाश में सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने फरार युवक को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. वहीं, गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है.
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महाजन सीमेंट स्टोर के मालिकों पर फायरिंग करने के पीछे क्या वजह थी और इस वारदात में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.