scorecardresearch
 

2027 से पहले INDIA गठबंधन में बढ़ी तल्खी, इमरान मसूद के बयान पर सपा-कांग्रेस आमने-सामने

यूपी चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस में तल्खी बढ़ गई है. सपा ने इमरान मसूद के बयानों पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए हैं. बीजेपी ने इस पर चुटकी ली है.

Advertisement
X
इमरान मसूद के बयानों को सपा ने बताया गठबंधन के लिए खतरनाक (Photo: ITG)
इमरान मसूद के बयानों को सपा ने बताया गठबंधन के लिए खतरनाक (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी इंडिया ब्लॉक में बयानी जंग छिड़ गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव जहां साफ कह चुके हैं कि हम कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेंगे. वहीं, सपा और कांग्रेस के अन्य नेता बयानी तीर छोड़ने से बाज नहीं आ रहे. सपा के पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह और सहारनपुर से कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद के बीच जुबानी जंग और तल्ख हो चली है.

उदयवीर सिंह ने हाल ही में कहा था कि इमरान मसूद, अखिलेश यादव की तरह अपने संगठन के नेता नहीं हैं. इंडिया ब्लॉक के निर्णय सपा और कांग्रेस का नेतृत्व लेता है. इमरान मसूद खबरों में रहने के लिए बयान देते रहते हैं. अब इमरान मसूद ने कहा है कि गठबंधन के लिए सपा ही शोर मचा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन की वजह से ही आप 2024 में 37 सीटें जीत पाए, वरना 2022 में तो आप 120 सीटें भी पार नहीं कर पाए थे.

इमरान मसूद ने यह भी कहा कि सपा किसी मुस्लिम नेता या ऐसे नेता को बर्दाश्त नहीं कर सकती, जो अपनी बात रखता हो. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि ऐसे नेता अब कांग्रेस में हैं. उनकी पार्टी में कौन बर्बाद हुआ? मुख्तार अंसारी से लेकर अतीक अहमद और आजम खान तक के नाम गिनाते हुए इमरान मसूद ने कहा कि इनकी बर्बादी का दोष उन पर नहीं मढ़ा जा सकता. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की वजह से अपनी सीट जीता हूं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा विवाद: गोरखपुर में पोस्टर लगाने पर सपा नेता समेत तीन गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मैंने सपा के लिए एक भी रैली नहीं की. तब भी नहीं, जब सपा के साथ हम गठबंधन में थे. वहीं, सपा से गठबंधन को लेकर यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि यह पूरी तरह से राष्ट्रीय नेतृत्व का निर्णय है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व को तय करना है कि गठबंधन किससे होगा और कितने पर होगा. अजय राय ने कहा कि हम अपना काम पूरी ताकत और निष्ठा से कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'अखिलेश संग फोटो खिंचवाने के 5 हजार और हाथ मिलाने के 10 हजार', राजभर बोले- खुद मुझे सपाइयों ने बताया

सपा प्रवक्ता ने किया मसूद पर पलटवार

सपा प्रवक्ता डॉक्टर आशुतोष वर्मा ने इमरान मसूद पर पलटवार करते हुए कहा है कि सपा के पास भी 37 सांसद हैं, लेकिन कभी किसी ने सीट बंटवारे को लेकर इस तरह की बयानबाजी नहीं की. उन्होंने कहा कि गठंधन के कुछ नियम होते हैं, लेकिन इमरान मसूद इस तरह के बयान दे रहे हैं, जैसे उनको कोई टास्क दिया गया हो. सपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा लगता है, जैसे कांग्रेस जीतने नहीं बल्कि सपा से लड़ने के लिए काम कर रही है. इमरान मसूद पर कांग्रेस नेतृत्व ने चुप्पी साध रखी है. यह निंदनीय है और आगे चलकर गठबंधन के लिए खतरनाक हो सकता है.

Advertisement

बीजेपी के नकवी ने ली चुटकी

बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन और दोनों दलों के नेताओं में छिड़ी बयानी जंग पर चुटकी ली है. इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कहा है कि यह गठबंधन चल नहीं पाएगा. शॉर्ट सर्किट हो गया है. इसलिए कोई साफ बात नहीं कर रहा है. नकवी ने गृह मंत्रालय के एक पूर्व अधिकारी के दावे पर कहा कि भगवा आतंकवाद को लेकर जो बातें गढ़ी गई थीं, जो काम कांग्रेस ने किए हैं, वह किसी से छिपे नहीं है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement