घर से काम करना किसे नहीं पसंद... न रोज तैयार होने की टेंशन न ही टाइम से ऑफिस पहुंचने का प्रेशर. अपना लैपटॉप लो और घर के किसी कोने में बैठ जाओ काम करने के लिए. ये सुनने में जितना आसान लग रहा है वाकई में उतना है नहीं. जब आप इसकी तलाश शुरू करते हैं, तो सबसे पहला सवाल यही आता है कि WFH से जुड़ी नौकरियां कौन से प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी या इसे लेकर कहां से मालूम चलता है?
लेकिन अब इसके लिए सरकार भी आपकी मदद करने को तैयार है. सरकारी पोर्टल नेशनल करियर सर्विस (NCS) ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर युवाओं को इससे जुड़ी जानकारी दी है. हालांकि, यह प्लेटफॉर्म केवल घर से काम करने वाले लोगों को ही नहीं बल्कि छात्र, महिलाओं और फ्रेशर्स से लेकर अनुभवी तक को नौकरी दिलाने में मदद करता है.
नई नौकरियों का मिलता है अपडेट
बता दें कि नेशनल करियर सर्विस प्लेटफॉर्म भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय की एक पहल है. जो युवा लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें जॉब कैसे मिलेगी तो, ये एक विकल्प के तौर पर उनकी मदद कर सकता है. इस प्लेटफॉर्म पर समय-समय पर नौकरी से जुड़े अपडेट मिलते रहते हैं. युवा अपने योग्यता, स्किल और अनुभव समेत अन्य की मदद से इन नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं.
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी है ये बातें
ऐसे में घर से काम हो या ऑफिस से इससे जुड़ी जानकारी के लिए प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है. खास बात तो यह है कि आपको इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा. लेकिन जिस बात की सबसे ज्यादा जरूरत होगी वह है- स्किल, सुविधा और करियर.
कैसे खोजे WFH?
अब सवाल है कि इस प्लेटफॉर्म पर नौकरी कैसे ढूंढें? तो इसके लिए ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है.
पहले नेशनल करियर सर्विस की आधिकारिक वेबसाइट ncs.gov.in पर जाएं.
होमपेज पर जाकर सर्च जॉब वाले पेज पर क्लिक करें.
आपको किस तरह की नौकरी चाहिए या अपनी योग्यता के मुताबिक प्लेटफॉर्म पर उसे लिखें.
एडवांस सर्च ऑप्शन ओपन होते ही आपको वर्क नेचर फिल्टर में Work From Home का ऑप्शन मिलेगा. लेकिन अगर यहां पर उससे जुड़ा ऑप्शन नहीं है, तो आप अपने हिसाब से रीमोट, WFH भी सर्च कर सकते हैं.
इसके बाद से कई सारे कंपनी के ऑप्शन्स मौजूद होंगे. कंपनी, योग्यता और सैलरी की पूरी जानकारी लेने के बाद से मन चाहे पद पर आवेदन करें.