scorecardresearch
 

नवी मुंबई में 9 साल की बच्ची का मर्डर, यौन उत्पीड़न के बाद घोंटा गला, आरोपी शख्स गिरफ्तार

नवी मुंबई के तुर्भे में लापता 9 साल की बच्ची का शव पवने MIDC के जंगल से बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, यौन उत्पीड़न के बाद बच्ची का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में नौ साल की स्कूली छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है. बच्ची शनिवार दोपहर अपने घर से खेलने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों की शिकायत पर तुर्भे पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज किया गया. मंगलवार सुबह बच्ची का शव पवने MIDC इलाके में बावखलेश्वर मंदिर के पास जंगल में मिला. पुलिस के मुताबिक, बच्ची के शरीर पर यौन उत्पीड़न के संकेत मिले हैं.

मृत बच्ची नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) के एक स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी. वह अपने माता-पिता और तीन बड़ी बहनों के साथ तुर्भे के इंदिरानगर इलाके में एक चॉल के मकान में रहती थी. उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि मां तुर्भे MIDC की एक निजी कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर हैं. बच्ची चार बहनों में सबसे छोटी थी. 

शनिवार को स्कूल से घर लौटने के बाद वह दोपहर करीब 3:30 बजे खाना खाकर अपने इलाके में खेलने के लिए निकली थी. शाम करीब सात बजे जब बच्ची की मां काम से घर लौटीं, तो उनके पति और तीनों बेटियां घर पर मौजूद थीं. मां ने जब सबसे छोटी बेटी के बारे में पूछा, तो 16 साल की बड़ी बहन ने बताया कि वह दोपहर करीब 3:30 बजे खाना खाने के बाद खेलने बाहर गई थी. 

Advertisement

देर शाम तक बच्ची के वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश की. परिजनों ने तुर्भे MIDC क्षेत्र में भी उसे ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद रविवार आधी रात के बाद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. तुर्भे पुलिस ने बच्ची को तलाशने के लिए एक विशेष टीम बनाई. 

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में संदिग्ध बच्ची के साथ एक शेयरिंग ऑटो में महापे रोड की तरफ जाता दिखाई दिया. बाद में दोनों सड़क पर पैदल चलते हुए भी नजर आए. बच्ची के माता-पिता ने फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान अपने परिचित के रूप में की. पुलिस ने तकनीकी जानकारी और CCTV फुटेज की मदद से मंगलवार सुबह इंदिरानगर इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी उसी इलाके में रहता था और दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करता था. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बच्ची को खाने-पीने की चीजें देने का लालच देने की बात कबूल की. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को बावखलेश्वर मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया था. 

Advertisement

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. बच्ची की लाश मिलने के बाद हत्या और यौन उत्पीड़न से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement