scorecardresearch
 

दुबई में मिसाइल अटैक का अलर्ट... मोबाइल फोन पर दी गई चेतावनी, लोगों से घर में रहने की अपील

दुबई में रहने वाले लोगों के फोन पर मिसाइल हमले की चेतावनी वाला इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया है. इसमें लोगों को घरों में रहने और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया. हालात ऐसे हैं कि कई लोगों ने पासपोर्ट और जरूरी सामान तक तैयार कर लिया है.

Advertisement
X
ईरान के हमलों के बीच दुबई में हाई अलर्ट, लोगों ने पासपोर्ट और जरूरी सामान रखा तैयार. (Photo: ITG)
ईरान के हमलों के बीच दुबई में हाई अलर्ट, लोगों ने पासपोर्ट और जरूरी सामान रखा तैयार. (Photo: ITG)

मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच दुबई में रहने वाले लोगों को फोन पर मिसाइल अटैक से जुड़ा इमरजेंसी अलर्ट मिला है. इस अलर्ट के बाद शहर में रहने वाले कई लोग घबरा गए हैं. एहतियात के तौर पर लोगों को घरों में रहने की अपील की गई है. लोगों को साफ तौर पर सलाह दी गई कि वे बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, सावधानी बरतें और किसी भी संभावित आपात स्थिति के लिए तैयार रहें. 

इस अलर्ट में बताया गया कि सुरक्षा हालात को देखते हुए यह चेतावनी जारी की गई है. दरअसल, पिछले हफ्ते से मिडिल ईस्ट में तनाव काफी बढ़ गया है. ईरान ने खाड़ी के कई देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं. यह कार्रवाई उस सैन्य हमले के जवाब में बताई जा रही है जो अमेरिका और इजरायल की ओर से किया गया था. शुक्रवार को मोबाइल फोन पर लगातार चार अलर्ट आए हैं.

दुबई में रहने वाले एक व्यक्ति ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने कहा, ''हमने एहतियात के तौर पर जरूरी सामान जमा कर लिया है. पासपोर्ट और अहम दस्तावेजों के साथ एक बैग भी तैयार रखा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत निकल सकें.'' मौजूदा हालात का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा है. मिडिल ईस्ट के कई इलाकों में एयरस्पेस बंद किए जाने से उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. 

Advertisement

इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा में भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है. दुबई एक बड़ा ग्लोबल ट्रांजिट हब माना जाता है. ऐसे में क्षेत्रीय तनाव बढ़ने का असर यहां की आवाजाही और ट्रैवल सिस्टम पर भी साफ दिखाई दे रहा है. फ्लाइट संचालन बाधित होने से बड़ी संख्या में भारतीय यात्री खाड़ी देशों में फंस हुए हैं. हालांकि सोमवार से कई यात्री भारत लौटने में सफल रहे हैं. बचे हुए लोगों को लाने का प्रयास किया जा रहा है.

इस बीच यूएई ने उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि वह ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में अमेरिका और इज़राइल के साथ शामिल होने पर विचार कर रहा है. सरकारी समाचार एजेंसी एमिरेट्स न्यूज एजेंसी के जरिए जारी बयान में कहा गया कि ईरानी हमलों के जवाब में अपनी रक्षा नीति बदलने का कोई फैसला नहीं लिया गया है.

गौरतलब है कि ईरान ने यूएई में कुछ अहम ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं. इनमें दुबई में अमेरिकी कॉन्सुलेट और अबू धाबी में स्थित अल धाफरा एयर बेस शामिल हैं. ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध ने पूरे मिडिल ईस्ट में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. हवाई यात्रा, व्यापार और परिवहन पर इसका असर जारी है. हालात सामान्य होने के संकेत नजर नहीं आ रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement