scorecardresearch
 

'हम युद्ध में हैं... ये समझना होगा', मिडिल ईस्ट में अमेरिकी विमानों ​के गिरने पर बोले ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने को युद्ध का हिस्सा बताते हुए कहा कि इससे ईरान के साथ बातचीत प्रभावित नहीं होगी. अमेरिकी वायुसेना ने एक ही दिन में अपने दो विमान गंवा दिए.

Advertisement
X
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट में अमेरिकी विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने का ईरान के साथ वार्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा. (Photo: AP)
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट में अमेरिकी विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने का ईरान के साथ वार्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा. (Photo: AP)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडिल ईस्ट में अमेरिकी लड़ाकू विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इन घटनाओं का ईरान के साथ जारी बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. एनबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, 'इन घटनाओं का कूटनीति और बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बिल्कुल नहीं. यह युद्ध है. हम युद्ध में हैं.' उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई और कूटनीतिक प्रयास साथ-साथ चल रहे हैं. 

इंटरव्यू के दौरान, ट्रंप ने दुर्घटनाग्रस्त अमेरिकी विमानों से संबंधित सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में चर्चा करने से इनकार कर दिया. ट्रंप ने कहा कि मौजूदा हालात जटिल और संवेदनशील हैं, इसलिए वह चल रहे सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहेंगे. उन्होंने विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मीडिया कवरेज को लेकर भी नाराजगी जताई और कहा कि यह एक सक्रिय सैन्य अभियान है, जिसे समझने की जरूरत है.

एक दिन में दो अमेरिकी विमान क्रैश

मिडिल ईस्ट में शुक्रवार को अमेरिकी वायुसेना से जुड़े दो अलग-अलग विमान हादसे सामने आए. सबसे पहले, अमेरिका का एक F-15E स्ट्राइक ईगल विमान ईरान के एयरस्पेस में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ईरान ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इस अमेरिकी विमान को मार गिराया. इस विमान में पायलट के साथ एक वेपन सिस्टम ऑफिसर भी था. अमेरिका ने इनमें से एक को सुरक्षित बचाने का दावा किया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'हमारा पायलट ढूंढ दो प्लीज!', यूएस जेट गिरने को लेकर ईरान उड़ा रहा ट्रंप का मजाक

एक दूसरा अमेरिकी लड़ाकू विमान A-10 थंडरबोल्ट II स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की. लेकिन यह साफ नहीं हो सका है कि विमान क्रैश हुआ या उसे मार गिराया गया. इस घटना को लेकर ईरान की ओर से अभी तक कोई दावा नहीं किया गया है. विमान के पायलट को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. एनवाईटी की रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका ने पायलट को रेस्क्यू करने के लिए ऑपरेशन चलाया है.

US-ईरान के बीच वार्ता रुकी: WSJ

ट्रंप के दावों के विपरीत अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष रोकने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि युद्धविराम की कोशिशें फिलहाल ठप हो गई हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान समेत कई क्षेत्रीय देशों की मध्यस्थता के बावजूद कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है. ईरान ने साफ कर दिया है कि वह आने वाले दिनों में इस्लामाबाद में अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात करने को तैयार नहीं है और उसने अमेरिका की मांगों को अस्वीकार्य बताया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement