कनाडा अपने इमिग्रेशन सिस्टम में एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है, जिसके तहत स्थायी निवास (PR) पाने का रास्ता उन लोगों के लिए आसान हो सकता है जो उच्च वेतन वाली नौकरियों में काम करते हैं. यह बदलाव Express Entry सिस्टम के तहत लागू होने वाले CRS (Comprehensive Ranking System) में किया जा सकता है.
कनाडा का आव्रजन विभाग Immigration, Refugees and Citizenship Canada (IRCC) एक ऐसे नए “High-Wage Occupation Factor” पर विचार कर रहा है, जिसमें उम्मीदवारों को उनकी नौकरी के वेतन स्तर के आधार पर अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे. इसका मतलब यह है कि अब चयन प्रक्रिया में केवल उम्र, शिक्षा और भाषा ही नहीं, बल्कि नौकरी की आय स्तर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
प्रस्ताव के अनुसार, उन नौकरियों को फायदा मिलेगा जिनका वेतन कनाडा के राष्ट्रीय औसत वेतन से 1.3 गुना, 1.5 गुना या फिर 2 गुना तक अधिक है. जितनी अधिक वेतन श्रेणी होगी, उतने अधिक CRS अंक उम्मीदवार को मिल सकते हैं. यह अंक व्यक्तिगत सैलरी पर नहीं, बल्कि नौकरी की श्रेणी और उसके औसत वेतन स्तर पर आधारित होंगे.
इस बदलाव का सबसे बड़ा असर उन प्रोफेशन पर पड़ सकता है जो पहले से ही उच्च आय वाले माने जाते हैं. जैसे डॉक्टर, सर्जन, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और बड़े मैनेजमेंट पद 2 गुना वेतन श्रेणी में आ सकते हैं. वहीं इंजीनियर, साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञ, शिक्षक और अन्य स्किल्ड प्रोफेशन 1.5 गुना श्रेणी में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा कुछ वित्तीय और तकनीकी ट्रेड्स 1.3 गुना श्रेणी में आ सकते हैं.
हालांकि, अभी तक इन नौकरियों की कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है. यह केवल अनुमानित डेटा पर आधारित संभावित उदाहरण हैं, जो कनाडा के वेतन आंकड़ों और NOC कोड सिस्टम के आधार पर तैयार किए गए हैं.
सरकार का मानना है कि जिन लोगों की कमाई क्षमता अधिक होती है, वे कनाडा में आने के बाद भी बेहतर आर्थिक प्रदर्शन करते हैं और देश की अर्थव्यवस्था में अधिक योगदान देते हैं. इसी वजह से इस नए फैक्टर को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है.
इस प्रस्ताव में यह भी चर्चा है कि नौकरी के ऑफर पर मिलने वाले CRS अंक फिर से लागू किए जा सकते हैं, लेकिन केवल उच्च वेतन वाली नौकरियों के लिए यानी अब केवल नौकरी का होना ही नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता और वेतन स्तर भी अहम हो सकता है.
फिलहाल यह पूरा बदलाव प्रस्ताव के स्तर पर है और इस पर जनता तथा विशेषज्ञों से राय ली जा रही है. आने वाले 12 से 18 महीनों में इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है, हालांकि कुछ हिस्सों को इससे पहले भी लागू किया जा सकता है.
अगर यह बदलाव लागू होता है, तो कनाडा का PR सिस्टम काफी हद तक “high-income skilled workers” की ओर झुक सकता है, जिससे Express Entry में प्रतिस्पर्धा का तरीका भी बदल जाएगा.