वाराणसी नगर निगम भेलूपुर जलकल विभाग की 20 एकड़ भूमि पर 100 करोड़ रुपये की लागत से दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग और भव्य अर्बन पार्क स्थापित करने जा रहा है. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, इस शिव थीम पार्क का टेंडर जारी हो चुका है और यह अगले 8 से 9 महीनों में बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा.
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों के लिविंग स्टैंडर्ड को बेहतर बनाना और पर्यटकों को विश्व स्तरीय सुविधाएं देना है. वर्तमान योजना के तहत यहां 130 फीट ऊंचा विश्व का सबसे भव्य शिवलिंग स्थापित किया जाएगा, जिस पर आगे भी रिसर्च जारी है.
लेजर शो और हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा पार्क
इस अर्बन पार्क को पूरी तरह से शिव थीम पर विकसित किया जा रहा है. इसमें स्थापित होने वाले विशाल शिवलिंग के चारों तरफ एक शानदार पाथवे बनाया जाएगा. इसके साथ ही, शिवलिंग पर बेहद आकर्षक लेजर शो का आयोजन किया जाएगा, जो आने वाले लोगों के लिए मुख्य आकर्षण होगा. बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क में हाईटेक झूले, सुंदर गजीबो और एक बेहतरीन फूड कोर्ट भी तैयार किया जाएगा.
काशी की विभूतियों का म्यूजियम और ओपन आर्ट गैलरी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पार्क परिसर में एक बड़ा सिटी पार्क, फूड प्लाजा और ओपन आर्ट गैलरी भी विकसित की जाएगी. इस गैलरी और म्यूजियम में काशी के पद्म अवार्डी कलाकारों और देश की महान विभूतियों की विस्तृत जानकारी को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके अलावा, नगर निगम की इस भव्य परियोजना के अंतर्गत पार्क में एक अत्याधुनिक प्लानेटोरियम (तारामंडल) लाने की भी योजना बनाई गई है.