कन्नौज जिले से एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक पुरुष शिक्षक और महिला शिक्षिका स्कूल परिसर के एक क्लासरूम में एक दूसरे को Kiss कर रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है. स्कूल प्रशासन ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है और पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे इस वीडियो को कन्नौज के सौरिख कस्बे के एक प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है. वीडियो में कथित तौर पर एक पुरुष शिक्षक और महिला शिक्षिका स्कूल परिसर के क्लासरूम में एक-दूसरे के साथ निजी पल बिताते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जाने लगा. इसके बाद स्थानीय स्तर पर भी इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं.
पत्नी ने वायरल किया वीडियो
मामले को लेकर यह दावा भी किया जा रहा है कि वीडियो पुरुष शिक्षक की पत्नी ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है. जानकारी के मुताबिक, पुरुष शिक्षक और उनकी पत्नी के बीच पिछले करीब चार वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है. दोनों के बीच मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन बताया जा रहा है. इसी बीच सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि पत्नी ने पुराने वीडियो को अब सार्वजनिक किया है. इस संबंध में किसी अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो हाल का नहीं बल्कि पुराना बताया जा रहा है. दावा है कि यह वीडियो काफी पहले रिकॉर्ड किया गया था और अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और इसे किसने रिकॉर्ड किया था. इसकी भी जांच की जा रही है. हालांकि, आजतक इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
स्कूल प्रशासन ने जारी किया नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. साथ ही पूरे मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है. प्रशासन ने शिक्षक से वीडियो के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है. विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई जवाब मिलने और जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. सरकारी विद्यालय परिसर से जुड़ा यह कथित वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी सतर्क हो गया है. स्कूल परिसर को बच्चों की शिक्षा और अनुशासन का केंद्र माना जाता है. ऐसे में यदि जांच में वीडियो और उससे जुड़े दावे सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों द्वारा विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है. हालांकि, फिलहाल जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा रहा है.