scorecardresearch
 

शादी वाले घर से लापता हुआ बच्चा, खोजते- खोजते झाड़ियों में मिली खून से सनी लाश

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब डीजे की धुनों के बीच घर से निकला आठ वर्षीय मासूम लापता हो गया. कुछ घंटों बाद उसका खून से सना शव झाड़ियों में मिला. परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है. 

Advertisement
X
झाड़ियों में मिली मासूम की खून से सनी लाश (Photo: representational image)
झाड़ियों में मिली मासूम की खून से सनी लाश (Photo: representational image)

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह के दौरान घर से निकले आठ साल के बच्चे की हत्या कर दी गई. बच्चे का शव उसके घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में मिला. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है. पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

घर से निकला, लौटा नहीं 8 साल का बच्चा

जानकारी के मुताबिक, घटना कैसरगंज थाना क्षेत्र के दयालपुरवा मजरे की है. मंगलवार रात पास के मझारा टौकली गांव में शादी समारोह चल रहा था. गांव में डीजे की तेज आवाज और जश्न का माहौल था. इसी दौरान लक्ष्मण निषाद का आठ वर्षीय बेटा भी शादी की रौनक देखने के लिए घर से बाहर गया था. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई.

झाड़ी में खून से सनी मिली लाश

परिवार और ग्रामीणों ने बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. देर रात खोजबीन के दौरान घर से लगभग 300 से 400 मीटर दूर झाड़ियों के बीच बच्चे का शव मिला. शव खून से सना हुआ था और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. बुधवार सुबह पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. मौके से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई.

मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं.

फिलहाल बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी दुश्मनी से जुड़ा लग रहा है, हालांकि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement