महिलाओं के लंबे और घने बाल उनकी खूबसूरती का अहम हिस्सा माने जाते हैं. ज्यादातर महिलाएं अपने बालों को संवारने और उनकी देखभाल में काफी समय और मेहनत लगाती हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है. इसमें एक युवती अपनी मर्जी से कुर्सी पर बैठकर सिर पूरी तरह मुंडवाती नजर आती है. उससे भी ज्यादा चर्चा उसके वीडियो पर लिखे कैप्शन की हो रही है.
वीडियो में दिख रही युवती का नाम कीर्तन मेनन बताया जा रहा है. पूरे वीडियो के दौरान वह बिल्कुल शांत बैठी रहती हैं और सिर मुंडवाने की वजह नहीं बतातीं. हालांकि, जैसे ही लोगों ने वीडियो के साथ लिखा कैप्शन पढ़ा- पीओवी: मेरी मां ने मेरी शादी तय कर दी. सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगने शुरू हो गए.
कई यूजर्स ने इस वीडियो को अरेंज मैरिज के विरोध के तौर पर देखा. उनका मानना था कि शायद युवती अपनी मर्जी के खिलाफ तय की गई शादी का विरोध इस अनोखे तरीके से कर रही है. वहीं कुछ लोगों ने इसे महिलाओं के अपने जीवन से जुड़े फैसले खुद लेने की आजादी का प्रतीक बताया.
देखेंं वायरल वीडियो
कीर्तन मेनन ने कहीं भी यह नहीं बताया कि उन्होंने सिर क्यों मुंडवाया
हालांकि, इस मामले की पूरी सच्चाई अब तक सामने नहीं आई है. कीर्तन मेनन ने कहीं भी यह नहीं बताया कि उन्होंने सिर क्यों मुंडवाया. इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि यह कदम वास्तव में शादी के विरोध में उठाया गया था. यह भी संभव है कि इसका संबंध किसी धार्मिक परंपरा, हेयर डोनेशन, निजी वजह या केवल सोशल मीडिया कंटेंट से हो. फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
यही वजह है कि वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. एक यूजर ने लिखा कि तुम्हें और ताकत मिले. दूसरे ने लिखा कि आज की समस्याओं के लिए यह किसी फिल्मी समाधान से कम नहीं. वहीं कई लोगों ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए.
फिलहाल, कीर्तन मेनन ने वीडियो के पीछे की असली वजह का खुलासा नहीं किया है. इसलिए यह वायरल वीडियो अब भी कई सवाल छोड़ रहा है. इतना जरूर है कि कुछ सेकंड की इस क्लिप और एक लाइन के कैप्शन ने लाखों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.