AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच युवाओं का रुझान अब ऐसी नौकरियों की तरफ बढ़ रहा है, जिन्हें मशीनों के लिए करना आसान नहीं है. मैकेनिक, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और दूसरे स्किल्ड ट्रेड्स से जुड़े कामों की मांग को लेकर युवाओं में दिलचस्पी बढ़ रही है. यही वजह है कि कुछ युवा लंबी कॉलेज डिग्री के बजाय ऐसा हुनर सीखने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे कम समय में कमाई शुरू की जा सके और आगे भी नौकरी की मांग बनी रहे. आइये इसी बात को साबित करती हुई एक कहानी.
अमेरिका की 25 साल की विक्टोरिया मैडसन कभी वकील बनने का सपना देखती थीं. वह यूनिवर्सिटी में इंग्लिश की पढ़ाई कर रही थीं और आगे चलकर कानून की पढ़ाई करने का प्लान था. लेकिन एक सीजनल जॉब ने उनकी पूरी जिंदगी की दिशा बदल दी. आज वह स्की रिसॉर्ट में लिफ्ट मैकेनिक हैं और उनका कहना है कि वह अपनी उम्र के ज्यादातर दोस्तों से ज्यादा कमाती हैं.
स्की रिसॉर्ट में मिली नई राह
विक्टोरिया करीब पांच साल से यूटा के सनडांस माउंटेन रिजॉर्ट में काम कर रही हैं. यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के तीसरे साल उन्होंने यहां सीजनल जॉब शुरू की थी. स्की सीजन खत्म होने के बाद रिजॉर्ट ने उन्हें ऑफ-सीजन में मैकेनिक के तौर पर काम करने का ऑफर दिया.
शुरुआत में विक्टोरिया को यह काम स्वीकार करने में झिझक हुई. वजह थी कि उन्हें मैकेनिकल काम का बिल्कुल अनुभव नहीं था. उन्होंने बताया कि वह अपनी कार का ऑयल तक खुद नहीं बदलती थीं. हालांकि, रिजॉर्ट ने उन्हें नौकरी के दौरान ट्रेनिंग देने की बात कही.
यह भी पढ़ें: 100 रुपये की टिकट, रोज लाखों की कमाई! मेले के झूले का बिजनेस देख लोगों को नहीं हुआ यकीन
इस नौकरी में उन्हें पिछली जॉब के मुकाबले प्रति घंटे 3 डॉलर ज्यादा मिल रहे थे. साथ ही फ्री स्की पास भी मिला. विक्टोरिया बचपन में इसी जगह स्की किया करती थीं, इसलिए यह सुविधा उन्हें काफी पसंद आई.स्की बर्फ से ढके पहाड़ों पर किया जाने वाला एक खेल और मनोरंजक गतिविधि है.इसमें पैरों में लंबी, पतली स्की पट्टियां लगाई जाती हैं और बर्फ पर फिसलते हुए पहाड़ से नीचे आया जाता है. हाथ में स्की स्टिक भी होती है
कमाई देखकर छोड़ दी यूनिवर्सिटी
धीरे-धीरे विक्टोरिया को महसूस हुआ कि वह जितनी कमाई कर रही हैं, वह उनकी उम्मीद से ज्यादा है. इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी की पढ़ाई छोड़कर मैकेनिक की नौकरी को ही अपना करियर बना लिया.
इस नौकरी ने उन्हें कम उम्र में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में भी मदद की. उन्होंने अपना अपार्टमेंट लिया और नई कार खरीदी. विक्टोरिया कहती हैं कि उन्हें अपने काम पर गर्व है और लोगों को यह बताने में खुशी होती है कि वह मैकेनिक हैं.
यह भी पढ़ें: गरबा में पानी की बोतल बेचकर कितनी कमाई? VIDEO देख लोगों को नहीं हुआ यकीन
युवाओं में बढ़ रहा ट्रेड जॉब का क्रेज
विक्टोरिया की कहानी ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका में युवा पीढ़ी ट्रेड जॉब्स की तरफ तेजी से आकर्षित हो रही है. थम्बटैक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 16 से 30 साल की उम्र के करीब आधे अमेरिकी या तो किसी ट्रेड को सीख रहे हैं या इसे करियर के तौर पर गंभीरता से सोच रहे हैं.
रिपोर्ट में 30 फीसदी युवाओं ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के बढ़ते प्रभाव ने उनकी ट्रेड जॉब्स में दिलचस्पी बढ़ाई है. 80 फीसदी से ज्यादा लोगों का मानना था कि आज के युवाओं के लिए स्थिर करियर बनाना पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है.
'मैं पहली ड्रिंक का बिल दे देती हूं'
शुरुआत में विक्टोरिया अपनी टीम में अकेली महिला थीं और टीम में ज्यादातर पुरुष थे. हालांकि, उनके मुताबिक सहकर्मियों ने उनका काफी साथ दिया और उन्हें काम सिखाया. अब उन्हें इस इंडस्ट्री में और भी महिलाएं आती दिखाई दे रही हैं.
विक्टोरिया का कहना है कि उन्हें अभी नहीं पता कि भविष्य में वह घर खरीद पाएंगी या बच्चे पालने का खर्च उठा पाएंगी. लेकिन अपनी मौजूदा कमाई से वह खुश हैं. उनका दावा है कि अपनी उम्र के ज्यादातर दोस्तों के मुकाबले वह ज्यादा पैसा कमाती हैं. इसी वजह से जब दोस्त बाहर जाते हैं तो वह अक्सर पहली ड्रिंक का बिल खुद देने की बात कहती हैं.