FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना के खिलाफ 0-3 की हार के बाद अल्जीरिया ने फीफा की रेफरी कमेटी में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है. अल्जीरियाई फुटबॉल महासंघ ने मैच में हुई दो विवादास्पद घटनाओं पर सवाल उठाते हुए रेफरी और VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) के फैसलों की जांच की मांग की है.
अल्जीरिया की शिकायत का मुख्य केंद्र पहला हाफ रहा, जब अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और अल्जीरिया के कप्तान आइसा मंडी के बीच टक्कर हुई.
अल्जीरियाई समर्थकों का दावा है कि मेसी ने पीछे से मंडी की पिंडली पर स्टड मारा था, जिसके लिए उन्हें रेड कार्ड दिखाया जाना चाहिए था. हालांकि, रेफरी ने कोई कार्रवाई नहीं की और मेसी ने आगे चलकर हैट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को 3-0 की जीत दिलाई.
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026: ब्राजील को मिला बिग बूस्ट, स्कॉटलैंड मैच के लिए फिट हुए नेमार जूनियर
दूसरा विवाद दूसरे हाफ में देखने को मिला, जब अर्जेंटीना के मिडफील्डर एलेक्सिस मैक एलिस्टर और इब्राहिम माजा के बीच टक्कर हुई. अल्जीरिया का आरोप है कि मैक एलिस्टर ने कोहनी से माजा के चेहरे पर प्रहार किया, लेकिन रेफरी शिमोन मार्सिनियाक ने खेल जारी रखा और कोई कार्ड नहीं दिखाया.
इन घटनाओं के बाद रेफरी शिमोन मार्सिनियाक और VAR अधिकारी टोमास क्वियाटकोव्स्की की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं.
Messi again, again, and again...#FIFAWorldCup pic.twitter.com/1ehQnZFHD4
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 17, 2026
इस बीच साउथ अफ्रीका के मुख्य कोच ह्यूगो ब्रूस ने भी इस मामले का जिक्र किया. उन्होंने अपने खिलाड़ी थेम्बा ज़्वाने को मेक्सिको के खिलाफ मिले रेड कार्ड और तीन मैचों के प्रतिबंध की तुलना मेसी की घटना से की.
यह भी पढ़ें: FIFA का नया नियम बना मुसीबत, बहस के दौरान मुंह ढकने पर इस खिलाड़ी को मिला रेड कार्ड
ब्रूस ने कहा, 'मैं नहीं चाहता कि मेसी को रेड कार्ड मिले, क्योंकि इतने बड़े खिलाड़ी का मैदान पर होना खेल के लिए अच्छा है. लेकिन अगर मेसी के मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो मेरे खिलाड़ी और उस घटना में अंतर क्या था?'
अर्जेंटीना अब मंगलवार को डलास में ऑस्ट्रिया का सामना करेगा, जबकि अल्जीरिया की टीम सैन फ्रांसिस्को में जॉर्डन के खिलाफ मैदान पर उतरेगी.