scorecardresearch
 

संजू सैमसन ने अचानक लिया बड़ा फैसला... इस T20 लीग में नहीं खेलेंगे, पिछले सीजन लगी थी बंपर बोली

सैमसन को रिलीज करके कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने अपने ऑक्शन पर्स का 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा खाली कर लिया था. हालांकि, अब संजू सैमसन के ऑक्शन लिस्ट में नाम नहीं होने से साफ हो गया है कि वह इस सीजन केसीएल का हिस्सा नहीं बनेंगे.

Advertisement
X
संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग 2026 में नहीं खेलेंगे. (Photo: Getty)
संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग 2026 में नहीं खेलेंगे. (Photo: Getty)

विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए पिछले कुछ दिन उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं. आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संजू को लगातार तीन इनिंग्स में फ्लॉप रहने के बाद प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे और टी20 मुकाबले के लिए संजू की जगह वैभव सूर्यवंशी की प्लेइंग-11 में एंट्री हुई. इसके बाद संजू को जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम में भी शामिल नहीं किया गया. 

अब संजू सैमसन को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है. संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग (KCL) के तीसरे सीजन में खेलते नजर नहीं आएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसन ने 11 जुलाई को तिरुवनंतपुरम में होने वाले केसीएल ऑक्शन के लिए अपना नाम नहीं दिया है. ऑक्शन में कुल 156 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी, लेकिन संजू इस लिस्ट का हिस्सा नहीं हैं.
यह भी पढ़ें: त‍िलक वर्मा पर गंभीर मेहरबान क्यों? संजू को मौका मिलना तय ... प्लेइंग 11 में होंगे बड़े बदलाव

संजू सैमसन को उनकी फ्रेंचाइजी कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने रिलीज कर दिया था. इसके बाद माना जा रहा था कि वह ऑक्शन में उतर सकते हैं और कोई दूसरी टीम उन्हें अपने साथ जोड़ सकती है. हालांकि, अब संजू ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) को सूचित कर दिया है कि वह इस बार टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे. सैमसन का केसीएल में नहीं खेलना केरल के क्रिकेट फैन्स के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. वह राज्य के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं और पिछले सीजन में उन पर रिकॉर्डतोड़ बोली लगी थी.

Advertisement

पिछले ऑक्शन में मिली थी इतनी कीमत
संजू सैमसन पिछले केसीएल सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी थे. कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने उन्हें 26.80 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था. यह रकम एक फ्रेंचाइजी को मिलने वाले कुल 50 लाख रुपये के ऑक्शन पर्स के आधे से भी ज्यादा थी. ऐसे में जब कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने संजू को रिलीज किया तो माना गया कि यह फ्रेंचाइजी का रणनीतिक फैसला हो सकता है.

संजू सैमसन का केसीएल में नहीं खेलने का फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि टूर्नामेंट का तीसरा सीजन 20 अगस्त से 5 सितंबर तक खेला जाएगा. इस दौरान भारतीय टेस्ट टीम श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही होगी. सैमसन टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में माना जा रहा था कि उनके पास घरेलू लीग में खेलने का मौका होगा. हालांकि, उन्होंने इस बार केसीएल से दूर रहने का फैसला किया है.

संजू सैमसन की गैरमौजूदगी के बावजूद केसीएल ऑक्शन में केरल के कई बड़े और युवा खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी. ऑक्शन के लिए कुल 156 खिलाड़ियों को तीन अलग-अलग पूल में बांटा गया है.

♦ पूल-ए में राज्य के 32 अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है. इन खिलाड़ियों का बेस प्राइस 3 लाख रुपये रखा गया है. इस कैटेगरी में फर्स्ट क्लास, लिस्ट ए, IPL और भारत की अंडर-19 टीम के लिए खेल चुके क्रिकेटर शामिल हैं. सचिन बेबी, विष्णु विनोद, बासिल थम्पी और एमडी निधीश इस पूल के बड़े नामों में शामिल हैं.

Advertisement

♦ पूल-बी में 37 खिलाड़ियों को रखा गया है और इनका बेस प्राइस 1.5 लाख रुपये है. इस पूल में मुख्य रूप से अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को जगह मिली है.

♦ पूल-सी में सबसे ज्यादा 87 खिलाड़ी शामिल हैं. इनका बेस प्राइस 75 हजार रुपये रखा गया है. इस कैटेगरी में जिला, जोनल और KCA टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ पिछले केसीएल सीजन में प्रभावित करने वाले क्रिकेटर शामिल हैं.

केसीएल की सभी छह फ्रेंचाइजी पहले ही 17-17 खिलाड़ियों को रिटेन कर चुकी हैं. हर टीम को 50 लाख रुपये का ऑक्शन पर्स मिला है और रिटेन किए गए खिलाड़ियों पर खर्च हुई रकम इसमें से काटी जाएगी. प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपने स्क्वॉड में कम से कम 16 और अधिकतम 20 खिलाड़ी रखने होंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement