scorecardresearch
 

IND vs ENG: त‍िलक वर्मा पर गौतम गंभीर मेहरबान क्यों? संजू सैमसन को मौका मिलना तय ... प्लेइंग 11 में होंगे बड़े बदलाव

IND vs ENG 4th T20: इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 में भारत के लिए 'करो या मरो' की स्थिति है. लगातार हार और तीसरे मैच में 76 रन पर ऑलआउट होने के बाद प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय माने जा रहे हैं. संजू सैमसन की वापसी की मांग तेज है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है. तिलक वर्मा पर गौतम गंभीर का भरोसा भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

Advertisement
X
तिलक लगातार फ्लॉप फिर भी भरोसा कायम, क्या चौथे टी20 में संजू सैमसन का इंतजार होगा खत्म
तिलक लगातार फ्लॉप फिर भी भरोसा कायम, क्या चौथे टी20 में संजू सैमसन का इंतजार होगा खत्म

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है. ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में गुरुवार (9 जुलाई) को खेला जाने वाला चौथा मुकाबला टीम इंडिया के लिए 'करो या मरो' जैसा है. अगर भारत यह मैच हार जाता है तो इंग्लैंड सीरीज पर अजेय बढ़त बना लेगा.

शुरुआती मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, लेकिन उसके बाद इंग्लैंड ने लगातार दो मैच जीतकर भारतीय टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 में भारत सिर्फ 76 रन पर सिमट गया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन के लिहाज से उसकी सबसे बड़ी हार रही.

लगातार हार से बढ़ा दबाव
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत पहले ही आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवा चुका है. ऐसे में गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम का ट्रांजिशन सवालों के घेरे में है. लगातार पांच टी20 मैचों से भारत जीत दर्ज नहीं कर पाया है, जो टीम का सबसे लंबा जीतविहीन सिलसिला बन गया है.

श्रेयस अय्यर के कप्तानी रिकॉर्ड ने भी चिंता बढ़ाई है. उन्होंने अपने पिछले 12 टी20 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है, जबकि 10 मैच गंवाए हैं और एक मुकाबला बेनतीजा रहा.

Advertisement

तिलक वर्मा पर भरोसा क्यों?
सबसे ज्यादा चर्चा तिलक वर्मा को लगातार मौका मिलने को लेकर हो रही है. उपकप्तान बनने के बाद उनके बल्ले से 19, 55, 13, 24 और 3 रन* निकले हैं.आयरलैंड के खिलाफ 55 रन की जुझारू पारी जरूर आई थी, लेकिन वह भी टीम को एक रन से हार से नहीं बचा सकी. इंग्लैंड दौरे पर उनकी हालिया पारियां 13, 24 नाबाद और 3 रन की रही हैं. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट और गौतम गंभीर का उन पर भरोसा कायम है.

क्या अब संजू सैमसन को मिलेगा मौका?
भारतीय टीम की सबसे ज्यादा आलोचना संजू सैमसन को बाहर रखने को लेकर हो रही है. टी20 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संजू को इंग्लैंड दौरे पर चेस्टर ले स्ट्रीट टी20 में एक मैच में मौका मिला, जहां वो 1 रन बना सके थे. इसके बाद उनकी जगह युवा वैभव सूर्यवंशी को लगातार खिलाया गया. तीसरे टी20 में बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रहने के बाद चौथे मुकाबले में संजू सैमसन की वापसी की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है. टीम मैनेजमेंट बल्लेबाजी को और मजबूती देने के लिए बदलाव कर सकता है.

वॉशिंगटन सुंदर की हो सकती है एंट्री
भारतीय टीम प्लेइंग इलेवन में एक और बदलाव कर सकती है. ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिलने की संभावना है. वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में संतुलन ला सकते हैं.

Advertisement

संभावना है कि सुंदर को अक्षर पटेल या वरुण चक्रवर्ती में से किसी एक की जगह मौका मिले. हालांकि अंतिम फैसला मैच से पहले पिच और परिस्थितियों को देखकर लिया जाएगा.

इंग्लैंड की टीम में बदलाव की उम्मीद नहीं
दूसरी ओर इंग्लैंड लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है. तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरी उजागर कर दी है, जबकि बल्लेबाजी क्रम में लगभग हर खिलाड़ी योगदान दे रहा है. ऐसे में मेजबान टीम अपनी विनिंग कॉम्बिनेशन से छेड़छाड़ करने के मूड में नहीं दिख रही है.

ब्रिस्टल की पिच और मौसम
ब्रिस्टल में मौसम साफ रहने का अनुमान है. पिछले साल यहां इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच हाई स्कोरिंग मुकाबला खेला गया था, लेकिन हाल में महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान इसी मैदान पर कम स्कोर वाले मैच भी देखने को मिले थे. ऐसे में पिच का व्यवहार मैच के दौरान अहम भूमिका निभा सकता है.

भारत की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा/संजू सैमसन, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.

इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग XI: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग.

Advertisement

गंभीर और आर्चर ने क्या कहा?
मैच से पहले गौतम गंभीर ने कहा- चार मैच हारने के बाद कोई टीम खराब नहीं हो जाती. कई बार विपक्षी टीम आपसे बेहतर खेलती है. लेकिन परिस्थितियों को समझना और मैच को पढ़ना भी उतना ही जरूरी है. आयरलैंड सीरीज के बाद से हम यही नहीं कर पाए हैं. 

वहीं जोफ्रा आर्चर ने वैभव सूर्यवंशी के साथ अपनी टक्कर पर कहा- अभी मुकाबला बराबरी पर है. दो मैच और बाकी हैं, इसलिए कुछ भी हो सकता है. आखिर में बेहतर टीम ही जीतेगी.

भारत का इंग्लैंड दौरा (टी20)
• 1 जुलाई: पहला टी20, चेस्टर ले स्ट्रीट
• 4 जुलाई: दूसरा टी20, मैनचेस्टर
• 7 जुलाई: तीसरा टी20, नॉटिंघम
• 9 जुलाई: चौथा टी20, ब्रिस्टल
• 11 जुलाई: पांचवां टी20, साउथम्प्टन

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement