आईपीएल 2026 का 57वां मुकाबला रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच है, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही मौसम ने खेल बिगाड़ दिया. मैदान पर तेज बारिश होने की वजह से आउटफील्ड गीली हो गई और टॉस तय समय पर नहीं हो सका. ऐसे में फैन्स के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मैच कब तक शुरू हो सकता है और कितनी देर तक 5-5 ओवर का मुकाबला संभव रहेगा.
रायपुर से मिले ताजा अपडेट के मुताबिक बारिश फिलहाल थम चुकी है, लेकिन मैदान को खेलने लायक बनाने में समय लग सकता है. आईपीएल के नियमों के अनुसार अगर मुकाबला रात 8:45 बजे तक शुरू नहीं हो पाता है तो उसके बाद ओवर कम होने लगेंगे. यानी हर देरी के साथ मैच छोटा होता जाएगा.
अगर बारिश लगातार बाधा डालती रही तो सबसे अहम समय रात 10:56 बजे का होगा. यही वह कटऑफ टाइम है जिसके बाद मैच रद्द घोषित किया जा सकता है. हालांकि अगर 10:56 बजे तक टॉस हो जाता है तो फैन्स को कम से कम 5-5 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है. ऐसे में करीब 11 बजे तक मैच शुरू होने की उम्मीद बनी रहेगी.
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार शाम 8 बजे के बाद भारी बारिश की संभावना ज्यादा नहीं है, लेकिन आसमान में बादल बने रह सकते हैं. ऐसे में मैच के दौरान भी बारिश दोबारा लौट सकती है. यही वजह है कि दोनों टीमों के फैंस लगातार मौसम अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं.
यह मुकाबला प्लेऑफ की रेस के लिहाज से आरसीबी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. अगर आरसीबी इस मैच में जीत दर्ज कर लेती है तो टीम 16 अंक तक पहुंच जाएगी और प्लेऑफ के काफी करीब पहुंच जाएगी. इसके बाद पंजाब और हैदराबाद के खिलाफ बाकी मुकाबलों का दबाव भी थोड़ा कम हो जाएगा.
दूसरी तरफ अगर बारिश की वजह से मैच धुल जाता है तो आरसीबी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. ऐसी स्थिति में उन्हें पंजाब या हैदराबाद में से किसी एक टीम के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी पड़ेगी. वहीं केकेआर के लिए समीकरण और ज्यादा कठिन हो जाएगा, क्योंकि टीम को प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए अपने बाकी सभी चार मुकाबले जीतने होंगे.