भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे प्रसिद्ध कृष्णा के कम से कम तीन हफ्ते तक क्रिकेट से दूर रहने की संभावना है. ऐसे में 4 नवंबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में उनका खेलना मुश्किल नजर आ रहा है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ लगी थी चोट
प्रसिद्ध कृष्णा को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी. गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में वह सिर्फ पांच ओवर गेंदबाजी कर सके और इसके बाद मैदान से बाहर चले गए. उन्होंने मैच में एक विकेट हासिल किया था.
चोट के कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में भी नहीं खेल पाए. उनकी जगह भारतीय टीम में अंशुल कंबोज को शामिल किया गया था.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान T20 टीम में हुआ बड़ा बदलाव, साहिबजादा फरहान बने कप्तान, बाबर आजम हुए बाहर
तीन हफ्ते का हो सकता है ब्रेक
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रसिद्ध कृष्णा ने बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी रिकवरी शुरू कर दी है. उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब तीन सप्ताह लग सकते हैं, जबकि गेंदबाजी में पूरी ताकत के साथ वापसी करने में लगभग चार सप्ताह का समय लग सकता है.
इस टाइमलाइन के कारण 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में भी उनके खेलने पर सवालिया निशान है. कर्नाटक को अपने अभियान की शुरुआत आंध्र प्रदेश के खिलाफ करनी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में फिर चला 'दादा' का सिक्का, IPL 2027 से पहले सौरव गांगुली बने हेड कोच
न्यूजीलैंड सीरीज में वापसी मुश्किल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी. अगर प्रसिद्ध कृष्णा को पूरी तरह फिट होने में तीन से चार सप्ताह लगते हैं, तो सीरीज की शुरुआत तक उनकी उपलब्धता पर संशय बना रहेगा.
फिट होने के बावजूद उनके लिए तुरंत मैच खेलने के लिए तैयार होना आसान नहीं होगा. टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा, खासकर 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को देखते हुए.
यह भी पढ़ें: रणजी खेलना चाहते थे सूर्यकुमार यादव, फिर भी मुंबई टीम में नहीं मिली जगह
2027 विश्व कप की तैयारी के लिहाज से अहम
प्रसिद्ध कृष्णा भारत के वनडे प्लान का अहम हिस्सा हैं. ऐसे समय में उनकी चोट टीम के लिए बड़ा झटका है, जब भारतीय टीम 2027 वनडे विश्व कप के लिए अपनी मजबूत और संतुलित प्लेइंग कॉम्बिनेशन तैयार करने की कोशिश कर रही है.
कप्तान शुभमन गिल भी चोटों और व्यस्त कार्यक्रम को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं. उनका कहना था कि टीम को अपनी पसंदीदा गेंदबाजी लाइनअप के साथ खेलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पा रहा है.
गिल ने उम्मीद जताई थी कि न्यूजीलैंड सीरीज में भारत अपने सभी प्रमुख खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर सकेगा. प्रसिद्ध कृष्णा की फिटनेस अब चयनकर्ताओं के लिए भी अहम मुद्दा बन गई है. न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम चयन से पहले उनकी फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार भी किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ी, कहा- टीम के लिए अपना खेल तक कुर्बान किया
भारत का न्यूजीलैंड दौरा (नवंबर-दिसंबर 2026)
पहला टी20: 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
दूसरा टी20: 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
तीसरा टी20: 27 अक्टूबर, वेलिंगटन
चौथा टी20: 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
पांचवां टी20: 1 नवंबर, हैमिलटन
पहला वनडे: 4 नवंबर 2026 - ईडन पार्क, ऑकलैंड
दूसरा वनडे: 7 नवंबर 2026 - वेलिंगटन
तीसरा वनडे: 10 नवंबर 2026 - सेडन पार्क, हैमिल्टन
चौथा वनडे: 13 नवंबर 2026 - बे ओवल, माउंट माउंगानुई
पांचवां वनडे: 15 नवंबर 2026 - बे ओवल, माउंट माउंगानुई
पहला टेस्ट: 19 नवंबर - 23 नवंबर, वेलिंगटन
दूसरा टेस्ट: 27 नवंबर - 1 दिसंबर, क्राइस्टचर्च