भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पूरे सीजन में मुंबई के लिए खेलना चाहते थे, लेकिन उन्हें मुंबई की टीम में शामिल नहीं किया गया है. सूर्यकुमार की घरेलू क्रिकेट में वापसी को लेकर काफी चर्चा थी, क्योंकि वह लंबे समय से रेड-बॉल क्रिकेट में नियमित तौर पर नहीं खेल रहे हैं.
सूर्यकुमार की इच्छा थी कि वह पूरे रणजी सीजन में मुंबई के लिए उपलब्ध रहें और घरेलू क्रिकेट में खेलकर अपनी लय बनाए रखें. हालांकि, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से घोषित टीम में उनका नाम नहीं है. सूर्यकुमार ने आखिरी बार रणजी ट्रॉफी का मैच फरवरी 2025 में नागपुर में विदर्भ के खिलाफ खेला था.
सूर्यकुमार को क्यों नहीं चुना गया?
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार ने सेलेक्टर को मैसेज भेजकर टीम में शामिल होने की इच्छा जताई थी. हालांकि, सेलेक्शन कमिटी ने उन्हें इस मैच के लिए न चुनने का फैसला किया. उसी रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सेलेक्टर आयुष म्हात्रे को भविष्य के संभावित कप्तान के तौर पर देख रहे हैं. 19 साल के खिलाड़ी की लीडरशिप क्षमता उन्हें लंबे समय की योजनाओं के लिए एक सही विकल्प बनाती है. म्हात्रे, जिनकी कप्तानी में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, ने पिछले दो सालों में सिर्फ 13 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं.
यह भी पढ़ें: कभी डेब्यू पर शतक जड़कर रचा था इतिहास, अब टीम इंडिया से कोसों दूर ये क्रिकेटर!
सिद्धेश लाड को कप्तान बनाया गया है, वहीं आयुष म्हात्रे को उप-कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है. मुंबई के मुख्य चयनकर्ता राजेश पवार ने सूर्यकुमार को टीम में शामिल न करने की वजह बताते हुए कहा कि वे चाहते थे कि भारत के पूर्व कप्तान पहले रेड-बॉल क्रिकेट की लय में आ जाएं और फिर टीम में वापसी करें.
पवार ने क्रिकबज से कहा, 'वह जाहिर तौर पर बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और मुंबई के लिए उन्होंने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है. हम बस यही चाहते हैं कि वह कुछ रेड-बॉल मैच खेलकर अपनी लय में आ जाएं. सूर्या ने पिछले 18 महीनों से कोई रेड-बॉल मैच नहीं खेला है, इसलिए हम चाहते हैं कि वह कुछ मैच खेल लें और फिर टीम में शामिल हो सकें.'
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी OUT, संजू सैमसन को फिर चांस... भारत-वेस्टइंडीज के बीच आज पहला T20, ऐसी होगी प्लेइंग-11
सूर्यकुमार यादव की ही कप्तानी में 2026 में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था. उसके बाद उनको टीम इंडिया से भी बाहर कर दिया गया था. मुंबई की टीम रणजी ट्रॉफी में देश की सबसे सफल टीमों में से एक रही है और 42 बार रणजी ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है. ऐसे में सूर्यकुमार जैसे अनुभवी बल्लेबाज की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है.
मुंबई 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले चार दिन के मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने की संभावना है. मुंबई और चंडीगढ़ एलीट ग्रुप D का हिस्सा हैं, जिसमें हरियाणा, राजस्थान, रेलवे, तमिलनाडु और उत्तराखंड भी शामिल हैं.
मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम स्क्वॉड: सिद्धेश लाड (कप्तान), आयुष म्हात्रे (उप-कप्तान), शम्स मूलानी, यशस्वी जायसवाल, तनुष कोटियन, अथर्व अंकोलेकर, दिव्यांश सक्सेना, तुषार देशपांडे, मुशीर खान, मोहित अवस्थी, सरफराज खान, सिल्वेस्टर डिसूजा, सुवेद पारकर, ओंकार तरमाले, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर)