इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) का दूसरा मैच आज यानी रविवार को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जा रहा है. ये भिड़ंत मुंबई के वानखेड़े मैदान पर हो रही है. इस मुकाबले में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. केकेआर ने रहाणे और रघुवंशी की फिफ्टी के दम पर मुंबई के सामने 221 रनों का लक्ष्य रखा है. अब मुंबई की टीम पहले बैटिंग कर रही है. इस मुकाबले की लाइव अपडेट और स्कोरकार्ड के लिए आप इस पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें...
ऐसे चल रही है मुंबई की बैटिंग
221 रनों के जवाब में उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद शानदार रही. रोहित और रेयान रिकेल्टन ने पारी का आगाज किया. दोनों ओर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी हुई और 5वें ओवर में ही दोनों ने टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. इसके बाद रोहित शर्मा ने छक्के और चौकों में डील किया और केवल 23 गेंद में ही फिफ्टी लगा दी. 6 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 80-0 था. मुंबई को पहला झटका लगा 12वें ओवर में जब रोहित शर्मा महज 38 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए. रोहित का जब विकेट गिरा तब मुंबई का स्कोर 148 रन था.
ऐसे रही केकेआर की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की पारी का आगाज कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने किया.दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की और 5वें ओवर में ही स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. लेकिन इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा शार्दुल ठाकुर ने. छठे ओवर में शार्दुल ने एलन का विकेट झटका. एलन ने 17 गेंद में 37 रन बनाए. इसके बाद कैमरून ग्रीन ने 10 गेंद में 18 रन बनाए. लेकिन 9वें ओवर में शार्दुल ने उन्हें आउट कर दिया. लेकिन एक छोर पर अजिंक्य रहाणे टिके रहे. उन्होंने केवल 27 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी की. हालांकि, शार्दुल ने 14वें ओवर में उनका विकेट झटका. रहाणे के बल्ले से 67 रन आए.
इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला. दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की. रघुवंशी ने केवल 28 गेंद में ही फिफ्टी लगा दी. वहीं, 19वें ओवर में ही केकेआर का स्कोर 200 के पार पहुंच गया. लेकिन इसी ओवर में हार्दिक ने रघुवंशी का विकेट भी झटका. रघुवंशी के बल्ले से 29 गेंद में 51 रन आए. इसके बाद रिंकू सिंह ने 21 गेंद में नाबाद 33 रनों की पारी खेली, जिसके दम पर केकेआर ने मुंबई के सामने 221 रनों का लक्ष्य रखा.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडेय, एएम ग़ज़नफ़र, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.
कोलकाता नाइट राइडर्स (प्लेइंग इलेवन): फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी,रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी.
इस मुकाबले को लेकर इसलिए भी रोमांच चरम पर है क्योंकि 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम पिछले 13 सीजन से अपना पहला मैच जीतने में नाकाम रही है. मुंबई ने आखिरी बार 2012 में अपना पहला मैच जीता था, जब उसने चेन्नई सुपरकिंग्स को चेपॉक में आठ विकेट से हराया था.
हालांकि, वानखेड़े में मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है. टीम ने यहां 92 मैचों में 57 जीत दर्ज की हैं और उसका जीत प्रतिशत 62 रहा है. इसके बावजूद, अपने घरेलू मैदान पर भी मुंबई अपने शुरुआती चार मुकाबले हार चुकी है.
आईपीएल में मुंबई की केकेआर से टक्कर, यहां देखें हर गेंद का अपडेट
मुंबई और केकेआर में किसका पलड़ा भारी
रविवार का मुकाबला मुंबई के लिए इस रिकॉर्ड को बदलने का सबसे बड़ा मौका माना जा रहा है. कागजों पर केकेआर की गेंदबाजी मजबूत दिख रही थी, लेकिन टीम को कई बड़े झटके लगे हैं. मथीशा पथिराना अभी टीम से नहीं जुड़े हैं, हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं और मुस्तफिजुर भी बाहर हैं.
हेड-टू-हेड का रिकॉर्ड कैसा है
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भी मुंबई के पक्ष में है. दोनों टीमों के बीच खेले गए 35 मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने 24 मैच जीते हैं. ऐसे में कागजों पर मुंबई इस मुकाबले में फेवरेट नजर आ रही है, लेकिन असली सवाल अब भी वही है - क्या मुंबई इंडियंस आखिरकार अपने पहले मैच का अभिशाप खत्म कर पाएगी?